छछरौली (यमुनानगर)दादूपुर हेड पर पश्चिमी यमुना नहर में नहाते समय डूबने से दो दोस्तों की मौत हो गई। इनमें जगाधरी ऊषा कालोनी का रवि कुमार (३५) व गांव खदरी का अनिल कुमार (३१) है। दोनंो एक इंश्योरेंस कंपनी में एग्जीक्यूटिव थे। रवि, अनिल के अलावा खदरी का ही सुनील, दलजीत (यमुनानगर), सौरव वर्मा (बुडिया) सोमवार को दादूपुर हेड पर घूमने गए थे।
कुछ समय बाद हालांकि दलजीत, सौरव व सुनील तो वापस आ गए, लेकिन रवि और अनिल वहीं रूक गए। रात को भी जब दोनों घर नहीं लौटे तो उनकी खोज शुरू हुई। मंगलवार को रवि का शव दादूपुर पुल से पहले पत्थर से अटका मिला। अनिल का शव भी गोताखोरों को कुछ दूरी पर मिल गया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि नहर में नहाने के दौरान दोनों की मौत हुई। नहर के किनारे से पुलिस को बाइक, लैपटाप, 85,000 रुपए, कपड़े, बीयर एवं शराब की बोतलें मिली हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। मृतकों की विसरा रिपोर्ट को जांच के लिए मधुबन भेजा गया है। रवि के पिता शांति प्रकाश लैंड मोरगेज बैंक रादौर में मैनेजर हैं।