HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

चोरी के आरोप में पांच बच्चों को पंखे से बांधा

ऐलनाबादगेहूं चुराने के आरोप में एक किसान ने पांच बच्चों को करीब चार घंटे तक पंखे से बांधे रखा। बाद में पुलिस ने इन्हें छुड़ाया। पुलिस के मुताबिक बच्चों ने गेहूं नहीं चुराया था, इसलिए इन्हें अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया। गुरप्रीत सिंह सोमवार को ऐलनाबाद अनाज मंडी में गेहूं लेकर आया था।

गेहूं न बिकने के कारण वह मंडी में सो गया। सुबह करीब 3:30 बजे जब आंख खुली तो उसने देखा कि 6-7 वर्ष के पांच बच्चे ढेरी से गेहूं चुराने का प्रयास कर रहे थे। इनमें तीन लड़कियां व दो लड़के थे। गुरप्रीत ने इन्हें पकड़कर इनके हाथ गेहूं साफ करने वाले मशीन के पंखे से बांध दिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद सुबह 7:30 बजे कुछ पत्रकार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी हरिचंद टीम सहित वहां पहुंचे और पांचों बच्चों को मुक्त कराया।

सूज गए थे हाथ : घंटों बंधे रहने के कारण बच्चों के हाथ सूज गए थे। जैसे ही इन्हें मुक्त किया गया बच्चों ने पानी मांगा। आसपास के लोगों ने इन्हें पानी पिलाया। बच्चों ने अपना नाम दीपक पुत्र राजू, सोनी पुत्री रामप्रताप, शर्मिला पुत्री राजू, पूनम पुत्री टीटू, जयरव पुत्र राजू बताया। ये सभी बच्चे रेलवे पार कॉलोनी के हैं।

बच्चों के खिलाफ रपट दर्ज :

थाना प्रभारी ने बताया कि गुरप्रीत की शिकायत पर पांचों बच्चों के खिलाफ रपट दर्ज कर ली है। चूंकि सभी बच्चे 7 वर्ष के आसपास हैं इसलिए, पुलिस कार्रवाई नहीं हो सकती।

किसान के खिलाफ हो सकता है मामला दर्ज

थाना प्रभारी ने बताया कि वे इस मामले में जानकारों से मशविरा कर रहे हैं। गुरप्रीत के खिलाफ बाल उत्पीड़न का मामला दर्ज किया जा सकता है । हालांकि गुरप्रीत ने कहा कि उसका मकसद बच्चों को प्रताड़ित करना नहीं था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: