भोपाल. मैन आफ द मैच रमीज खान (108) और ब्रजेश तोमर (110) के शानदार शतक की मदद से आईपीसी ने ईरानी क्लब को 128 रनों से रौंदकर यहां खेली जा रही भोपाल कार्निवाल की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला सेंटमाइकल और डब्ल्यूसीआर में से किसी एक टीम से होगा। गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में यह दोनों टीमें आमने-सामने हो रही हैं।
स्थानीय ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में आईपीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट पर 382 रन बनाए जो इस मैदान पर अब तक सबसे बड़ा स्कोर है। इसमें ओमी ने 110 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने मात्र 75 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और चार छक्के जमाए।
ओमी ने तीसरे विकेट के लिए रमीज खान के साथ 185 रनों की साझेदारी भी निभाई। रमीज ने अपनी शतकीय पारी में 13 चौके और दो छक्के जमाए। इससे पूर्व आईपीसी को अब्दुल अकील और अमित पाल ने धमाकेदार शुरुआत दी। अकील ने 58 गेंदों में दो छक्के और आठ चौकों की मदद से 66 रन बनाए। ईरानी की ओर से सूरज बागोरा ने 63 रन देकर दो विकेट झटके। जवाबी पारी खेलने उतरी ईरानी क्लब की टीम निर्धारित 50 ओवर में आठ विकेट पर 254 रन ही बना सकी।
उसकी ओर से कप्तान आबिद अली ने 44 , विक्रम ने 38 और जहीर ने 43 रनों की पारी खेली। आईपीसी की ओर से रमीज खान ने तीन और फरहान ने दो विकेट लिए। रमीज को दोहरे प्रदर्शन के लिए मैन आफ द मैच चुना गया। उन्हें मप्र के मुख्य चुनाव आयुक्त एवी सिंह ने पुरस्कृत किया। इस अवसर पर अरुणोश्वर सिंहदेव और डा. श्रीनाथ अग्रवाल आदि उपस्थित थे।