भोपाल. पिपलानी पुलिस ने पिछले महीने राधाकुंज नगर में हुई डकैती के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। पुलिस को इस पारदी गिरोह के दो महिलाओं समेत पांच लोगों की तलाश है।
एएसपी डा. जीके पाठक ने बुधवार को पत्रकारवार्ता में वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि 5 मार्च को रवींद्रनाथ मुखर्जी के घर चार बदमाश घुसे थे। वे श्री मुखर्जी की पत्नी मौसमी मुखर्जी के साथ मारपीट कर मोबाइल, नगदी और जेवर ले गए थे। वारदात से स्पष्ट था कि डकैती पारदी या भील गिरोह ने डाली है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वारदात में डबल फाटक, बजरिया निवासी बाल्या पारदी राम नगर (रत्नागिरी) निवासी श्याम पारदी, होशंगाबाद निवासी कैलाश, रवि और पापाडीन शामिल हैं।
जुर्म कबूल किया
पुलिस ने बाल्या और श्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने वारदात करना कबूल किया। आरोपियों ने बताया कि डकैती में कैलाश, रवि और पापाडीन भी उनके साथ थे। डकैती की योजना उन्होंने राम नगर में श्याम के घर बनाई थी। डकैती डालने के बाद सभी वापस श्याम के घर आए थे। श्री मुखर्जी के घर से लूटा गया सामान राम नगर निवासी कमलाबाई और रामबाई ने ठिकाने लगाया था। पुलिस फरार तीनों आरोपियों के साथ कमला और रामबाई की तलाश कर रही है। पुलिस ने आरोपियों के पास से श्री मुखर्जी का मोबाइल और एक हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से और वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।