HomeNewsMetrosIndore Indore

फूल और गुलदस्ते लेकर खड़े रहे लोग

इंदौर. विधानसभा क्षेत्र 2 में बुधवार सुबह सात बजे से नौ बजे तक महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा का इंतजार होता रहा। स्थानीय पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों ने उन्हें सुखलिया टंकी पर सम्मान करने और गंभीर जलसंकट की यथास्थिति बताने के लिए बुलाया था। इससे नया विवाद खड़ा हो गया है। करीब एक हजार से ज्यादा लोग हाथ में हार-फूल और गुलदस्ते लेकर सुबह से ही जुट गए थे लेकिन जब महापौर से संपर्क किया तो उन्होंने ठाकरे प्रतिमा स्थल के निरीक्षण में व्यस्त होने की बात कही।

सुखलिया टंकी पर भाजपा संगठन के नगर उपाध्यक्ष कल्याण देवांग, नगर महामंत्री सूरज कैरो, नगर मंत्री हरप्रीतसिंह बक्शी, मंडल अध्यक्ष कमलेश शर्मा, राजेंद्र मरमट, मंडल महामंत्री वीरेंद्र व्यास, राजकुमार शर्मा, पार्षद मुन्नालाल यादव और सुरेश कुरवाड़े सहित सैकड़ों लोग जुट गए थे। संगठन पदाधिकारियों का कहना है पहले हमने महापौर और निगमायुक्त नीरज मंडलोई को क्षेत्र की जल समस्या दूर करने के लिए आवेदन दे दिया था और महापौर से बुधवार सुबह सात बजे आने का आग्रह किया था।

इस पर महापौर ने आश्वस्त किया था कि क्षेत्रीय रहवासियों की पानी की समस्या सुनने वे जरूर आएंगी। सुबह काफी देर तक जब वे नहीं आईं तो फोन लगाया गया। उन्होंने बताया मैं ठाकरे प्रतिमास्थल का निरीक्षण कर रही हूं। इसके बाद पदाधिकारियों ने महापौर से निरीक्षण के बाद आने को कहा लेकिन वे नहीं आईं।

महापौर ने कहा मैंने हां नहीं कहा

इस बारे में महापौर डॉ. शर्मा ने कहा मुझसे आने का आग्रह जरूर किया गया था लेकिन मैंने हां नहीं कहा था। क्षेत्र की समस्या पदाधिकारियों ने पहले ही बता दी थी। इसके बाद क्षेत्र में पानी के 11 टैंकर लगा दिए गए थे। उन्होंने क्षेत्र की टंकियों को सात मीटर तक भरने की मांग थी। इस पर मैंने उन्हें कहा था जल वितरण में कोई पक्षपात नहीं होगा, पूरे शहर में एक समान पानी दिया जाएगा। क्षेत्र के पार्षदों और कुछ संगठन पदाधिकारियों से विवाद के मामले में महापौर ने कहा यह मामला संगठन को देखना पड़ेगा कि ऐसा क्यों हो रहा है।

बुधवार को पांच मीटर से ज्यादा भरी क्षेत्र की टंकियां

इधर, बुधवार के दिन क्षेत्र-2 की बजरंगनगर, सुखलिया, स्कीम-54 और 78 की टंकियां आम दिनों से ज्यादा भरी गईं। पीएचई सूत्रों के अनुसार बुधवार को इन्हें पांच मीटर से ज्यादा भरा गया जबकि आम दिनों में ये तीन मीटर तक भरी जाती हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: