इंदौर. मंगलवार रात सांवेर रोड की एक फैक्टरी में टैंकर से आइल खाली करने के दौरान हुए जबर्दस्त विस्फोट में एक मजदूर की जान चली गई, जबकि एक घायल हो गया।
घटना सांवेर रोड ई-सेक्टर स्थित रुचि सोया कंपनी में हुई। एसआई आरसी गौड़ ने बताया मंगलवार रात फैक्टरी में सोयाबीन के वेस्ट आईल का एक टैंकर खाली होने के लिए आया था। टैंकर खाली करने के दौरान फैक्टरी मजदूर मिलन पिता दुलोराम (40) तथा क्लीनर रामकृपाल (35) आइल की मात्रा चेक करने के लिए टैंकर की छत पर चढ़े।
उनके हाथ में इलेक्ट्रिक लैंप था। मिलन ने जैसे ही टैंकर का ढक्कन खोला, प्रेशर के साथ गैस बाहर आई और लैंप से चिंगारी निकलने के साथ जबर्दस्त धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि टैंकर फट गया और बुरी तरह जल गए मिलन और रामकृपाल नीचे आ गिरे। सहकर्मी दोनों को गंभीर हालत में अरविंदो हॉस्पिटल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद मिलन को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामकृपाल की हालत नाजुक बताई गई है। उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
प्रकरण दर्ज होगा
एसआई गौड़ ने कहा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। गुरुवार को फैक्टरी के सभी कर्मचारियों के साथ पीड़ित लोगों के परिजन के बयान लिए जाएंगे। घटना में जिसकी भी गलती सामने आएगी उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जाएगा।