News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. ग्राम सुराज अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को राजस्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जिले के फिंगेश्वर, छुरा तथा गरियाबंद विकासखंड के 5 गांवों का दौरा किया। वहां बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 90 लाख रुपए के विकास कार्यो को हरी झंडी दी। अभियान के दौरान अनुपस्थित तीन सरकारी कर्मियों पर गाज गिरी। अभियान के दौरान उन्होंने पाया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी मनोज सिन्हा, ग्राम पंचायत सढ़ौली के सचिव कन्हैया देवांगन और ग्राम बोरसी के पटवारी नरेंद्र साहू अनुपस्थित थे।
श्री अग्रवाल ने इन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान राजस्व मंत्री ने गांवों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम रसेला में 35 लाख रुपए की लागत से बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन व 14 लाख की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने गांवों में स्कूली बच्चों के मध्यान्ह भोजन तथा निशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण की जानकारी ली। बोरसी में उन्होंने बताया कि इस साल राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत बांस के 10 करोड़ पौधे तैयार किए जाएंगे, तथा किसानों को उनकी जमीन पर लगाने बांस के 100 पौधे निशुल्क मिलेंगे। यहां होंगे कार्य : बोरसी में पाइप लाइन विस्तार, प्राथमिक शाला भवन, दो आंगनबाड़ी भवन तथा आश्रित ग्राम बहरापाली में स्कूल भवन बनाने 25 लाख की स्वीकृति दी। ग्राम नागझर में सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख।
स्कूल भवन में अतिरिक्त कमरा बनाने 2 लाख रुपए तथा सूखा नदी में तटबंध के लिए दो लाख रुपए देने की उन्होंने घोषणा की। छुरा विकास खंड के ग्राम रसेला में तालाब गहरीकरण, सड़क निर्माण, पूर्व माध्यमिक शाला के दो अतिरिक्त कमरे, मंगल भवन आदि के लिए 16 लाख रुपए की मंजूरी भी दी। झुरा के ग्राम सोरिद के पास शादी माई रमई पाठ में पर्यटन सुविधाओँ के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा भी की।