News
Chhattisgarh
Raipur Raipur राजनांदगांव/डोंगरगांव.
गरीबों को दिए जा रहे सस्ते चावल के पैकेट में हेराफेरी की शिकायतों की जांच के बाद मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बुधवार को राजनांदगांव में स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम में छापा मारा। चावल के 35-35 किलो के पैकेट यहां तैयार किए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने यहां अपने सामने जब तौल करवाई तो हर पैकेट में तीन सौ ग्राम से लेकर एक किलो तक चावल कम मिला।
बिफरे डा. सिंह ने पहले तो अफसरों की जमकर खबर ली और उसके बाद जिला प्रबंधक अशोक सोनी, कनिष्ठ सहायक डीएल चौधरी और चिंताराम सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर शाम को आदेश जारी हो गया। मुख्यमंत्री ने चावल की सप्लाई करने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर कराने कहा है।
मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत राशन दुकानों से गरीबों को तीन रुपए किलो में हर महीने ३५ किलो चावल का वितरण किया जा रहा है। अप्रैल से गरीबों को 35 किलो के पैकेट में चावल वितरण शुरू किया गया है, ताकि चावल की क्वालिटी और मात्रा गरीबों को ठीक मिले। नागरिक आपूर्ति निगम के डिपो पैकेट तैयार करवाकर राशन दुकानों को भेजते हैं।
सुराज अभियान के तहत बुधवार सुबह 11.20 बजे मुख्यमंत्री प्रमुख सचिव विवेक ढांड और संचालक जनसंपर्क बीएल तिवारी के साथ अपने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरसनटोला (ग्राम पंचायत अमलीडीह) पहुंच गए। अचानक गांव के पास उतरे हेलिकाप्टर से सीएम उतरे तो लोगों को भरोसा ही नहीं हुआ। गांव के बीच सार्वजनिक मंच पर रमन सिंह ने चौपाल लगाई और लोगों से योजनाओं की जानकारी लेना शुरू किया।
बरसनटोला के लोगों ने जब पैकेट में चावल कम मिलने की शिकायत की तो मुख्यमंत्री भी हैरान रह गए। उन्होंने एक ग्रामीण के घर से पैकेट बंद चावल मंगवाया और सभी लोगों के सामने उसकी तौल करवाई। उसमें डेढ़ किलो चावल कम मिला। मुख्यमंत्री ने राशन दुकान पर छापा मारकर भौतिक सत्यापन करवाया तो कई पैकेटों में एक से डेढ़ किलो चावल कम मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम ने राशन दुकान से एक पैकेट चावल जब्त करवाया और सड़क मार्ग से राजनांदगांव के लिए निकले। रास्ते में उन्होंने ग्राम अजरुनी की राशन दुकान में भी पैकेट की जांच करवाई। वहां भी तौल में वजन कम मिला।
मुख्यमंत्री ने राजनादंगांव पहुंचते ही कृषि उपज मंडी के पीछे स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम में धावा बोल दिया, जहां चावल के पैकेट तैयार किए जाते हैं। पूरे दलबल के साथ पहुंचे सीएम को देखकर नान के गोदाम में काम कर रहे अफसरों के होश उड़ गए। सीएम ने गोदाम में ही चावल के विभिन्न लाटों से निकाले गए दर्जन भर से ज्यादा पैकेटों की जांच करवाई। इससे साफ हो गया कि चावल में हेराफेरी गोदाम से हो रही है।