News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जजों के छुट्टी में रहने के कारण हाईकोर्ट के दो दिन तक सिर्फ दो अदालतें लगेंगी। इसमें एक डिविजन बेंच और एक सिंगल बेंच शामिल हैं। सोमवार से एक बार फिर पूर्ववत सुनवाई शुरू हो जाएगी।
हाईकोर्ट के सात जजों में से चार जज 24 व 25 अप्रैल को अवकाश पर हैं। इनमें जस्टिस एलसी भादू, जस्टिस सुनील सिन्हा, जस्टिस दिलीप देशमुख व जस्टिस टीपी शर्मा शामिल हैं। पक्षकारों को परेशानी से बचाने के लिए चीफ जस्टिस राजीव गुप्ता ने इसके मद्देनजर दो दिनों के लिए नया रोस्टर जारी किया है। इसके अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को चीफ जस्टिस व जस्टिस धीरेंद्र मिश्रा की स्पेशल डिविजन बेंच और जस्टिस सतीश अग्निहोत्री की सिंगल बेंच बैठेगी।
इन दो दिनों तक जस्टिस भादू व जस्टिस शर्मा की डिविजन बेंच, जस्टिस भादू, जस्टिस सिन्हा, जस्टिस देशमुख व जस्टिस शर्मा की सिंगल बेंच भी नहीं लगेंगी। इन सभी सिंगल बेंच के अत्यावश्यक मामलों की सुनवाई रोस्टर के अनुसार जस्टिस अग्निहोत्री की सिंगल बेंच में होगी। इस संबंध में हाईकोर्ट के मामलों की केस लिस्ट में बुधवार को सूचना प्रकाशित कर दी गई है।
यह व्यवस्था सिर्फ जजों के अवकाश के दौरान तक ही रहेगी। सोमवार से जजों की संख्या के अनुसार नई व्यवस्था की जाएगी। गौरतलब है कि हाईकोर्ट में 12 जजों की स्ट्रेंथ में से सात जज ही पदस्थ किए गए हैं। उनके द्वारा ही यहां बड़ी संख्या में पेंडिंग और नए आने वाले मामलों की सुनवाई की जा रही है।