HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

पुलिस टैंकर की ठोकर से महिला की मौत

बिलासपुर. तेज रफ्तार से वाहन चला रहे पुलिस विभाग के पानी टैंकर के चालक ने भारतीय नगर चौक के पास साइकिल पर बाजार जा रहे दंपती को लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से ठोकर मार दी। हादसे में साइकिल के पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसने सिम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समडिल निवासी 38 वर्षीय रामकुमार पिता विश्राम कैवत्र्य एक एनजीओ से जुड़ा हुआ है। बुधवार की सुबह वह अपनी पत्नी 30 वर्षीय झुनिया बाई को साइकिल पर लेकर खरीदी करने के लिए व्यापार विहार जाने घर से निकला। उसने साइकिल पर पीछे अपनी पत्नी को बिठाया था।

दोपहर लगभग 12:30 बजे वे भारतीय नगर चौक, सेंट जेवियर्स स्कूल के पास पहुंचे। वे व्यापार विहार की ओर बढ़ ही रहे थे कि तभी अचानक पीछे से आ रहे पुलिस विभाग के पानी टैंकर क्रमांक सीजी 03, 1649 के चालक ने साइकिल को ठोकर मार दी। ठोकर इतनी तेज थी कि रामकुमार और झुनिया बाई दोनों छिटककर दूर जा गिरे। पति को तो मामूली खरोंच आई, लेकिन झुनिया बाई के सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट आई।

उसके सिर से काफी खून बह रहा था। कुछ ही समय में वहां पर काफी भीड़ जमा हो गई। आसपास जमा लोगों की मदद से रामकुमार ने एंबुलेंस बुलवाई और अपनी घायल पत्नी को उठाकर सिम्स पहुंचाया। उनके वहां से निकलते ही टैंकर चालक वाहन समेत निकल भागा। सिम्स पहुंचने के बाद कुछ देर तक महिला का इलाज चला, लेकिन कुछ ही देर में उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: