बहादुरगढ़/रोहतक.सांपला और आसौदा के बीच बुधवार सुबह 2डीआरबी का इंजन फेल हो जाने से रोहतक-दिल्ली डाउन ट्रैक दो घंटे बाधित रहा। इसके कारण पीछे आ रही गाड़ियों को अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ा। इससे दिल्ली जाने वाली पांच गाड़ियां प्रभावित हुइर्ं। अधिकतर दैनिक यात्री रास्ते में ही फंसे रहे। ट्रेनों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी न मिलने से यात्रियों ने बहादुरगढ़ स्टेशन पर हंगामा किया। बाद में जीआरपी ने यात्रियों को स्टेशन मास्टर के कक्ष से बाहर निकाला और उन्हें शांत किया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक भिवानी से दिल्ली जाने वाली टूडीआरबी सवारी गाड़ी सुबह 6:50 बजे रोहतक स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन का इंजन आसौदा स्टेशन के समीप फेल हो गया। इस कारण पीछे से आ रही सिरसा से नई दिल्ली जा रही सिरसा एक्सप्रेस को खरावड़ स्टेशन पर रोकना पड़ा। वहीं जाखल से दिल्ली जाने वाली टूडीजेजे को भी अस्थल बोहर स्टेशन पर रोका गया। करीब दो घंटे बाद दिल्ली शकूरबस्ती से मालगाड़ी का इंजन मंगाकर गाड़ी को रवाना किया गया।
देर से पहुंची ट्रेन
अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे से अधिक विलंब से पहुंची। यात्रियों की सुविधा के लिए इसे लोकल बनाकर चलाया गया। हरियाणा एक्सप्रेस (सिरसा) 8.34 की बजाए 9.36 पर बहादुरगढ़ पहुंची। 2डीजेजे एक घंटा व २डीजे तीस मिनट देरी से पहुंची।
सूचना नहीं मिलने पर हंगामा
दैनिक रेल यात्री संघ के प्रधान सतपाल हांडा ने बताया कि पावर फेल होने के बाद अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे थे कि यातायात कब तक सुचारू हो जाएगा। इसी कारण यात्रियों ने हंगामा किया। यातायात बाधित होने से लोग दफ्तर या गंतव्य तक विलंब से पहुंचे।