नई दिल्ली/पटना. बढ़ती महंगाई जनता से लेकर नेताओं का मुख्य मुद्दा बन गई है। गुरुवार को संसद भवन के बाहर महंगाई के खिलाफ नेताओं ने प्रदर्शन किया तो पटना में महिलाओं ने एक ट्रेन रोककर बढ़ती कीमतों की मुखालफत की।
संसद भवन के बाहर एनडीए ने आज एक मानव श्रंखला बनाकर महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार का घेराव किया। इस श्रंखला में एनडीए के कई नेता शामिल हुए जिनमें हेमा मालिनी, मुख्तार अब्बास नकवी आदि भी दिखे। नकवी ने कहा कि महंगाई सरकार की नाकामी को दर्शाती है और एनडीए इस मुद्दे पर सड़क से संसद तक अभियान छेड़ेगा।
गौरतलब है कि दो दिन पहले महंगाई के मुद्दे पर वामपंथियों ने पश्चिम बंगाल बंद का आयोजन किया था और केंद्र सरकार द्वारा महंगाई पर काबू न पाए जा सकने की आलोचना की थी।
दूसरी तरफ, पटना में एक ट्रेन को चार घंटे तक महिलाओं ने रोक रखा और रोजमर्रा की चीजों की बढ़ती कीमतों पर नाराजगी जताई। महिलाओं ने रेलवे स्टेशन से ट्रेन नहीं चलने दी और ड्राइवर को भी बंधक बना लिया। चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण रेल यातायात पर बुरा असर पड़ा।