HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

कामनवेल्थ गेम्स से पहले दिल्ली को चाहिए पानी

नई दिल्लीकामनवेल्थ खेलों से पहले दिल्ली की पेयजल आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण नई कैरियर लाइन चैनल नहर के निर्माण कार्य की समीक्षा के लिए कैबिनेट सचिव के एम चंद्रशेखर ने गुरुवार 24 अप्रैल को दिल्ली में एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है।

नहर का निर्माण कर रहे हरियाणा के सिंचाई विभाग के आला अधिकारी और प्रदेश के मुख्य सचिव धर्मवीर इस बैठक में भाग लेकर नहर के निर्माण में आ रही तकनीकी अड़चनों को दूर कराने का आग्रह करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, तीन चरणों में बनने वाली 723 क्यूसेक क्षमता वाली 102 किलोमीटर लंबी इस नहर का निर्माण कार्य तीन चरणों में पूरा किए जाने की योजना है।

नहर के निर्माण के पहले दो चरण पूरे हो चुके हैं और 23.68 किलोमीटर लंबे तीसरे चरण के टेंडर करके इसके निर्माण का काम भी अलाट कर दिया गया है, लेकिन नहर का निर्माण कर रहे सिंचाई विभाग के अधिकारियों की चिंता इस चरण में आने वाली तकनीकी व्यावधानों को लेकर है। नहर निर्माण समयबद्ध परियोजना है और इस चरण के लिए घने जंगलों की कटाई जरूरी होगी।

वन विभाग से मिलने वाली हरी झंडी की चिंता सबसे ज्यादा है। यही नहीं नहर के रास्ते में अनेक स्थानों पर रेलवे लाईन, बिजली-पानी की लाईनें, पुल व सड़कें भी आएंगी। इसके लिए भी उन्हें दिल्ली सरकार और कुछ केंद्रीय विभागों की मदद की दरकार है।

हरियाणा सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया कि तीसरे चरण के निर्माण में आने वाली संभावित दिक्कतों के बारे में कल कैबिनेट सचिव को सारी जानकारी देकर उनसे सहयोग का आग्रह किया जाएगा।

उनका दावा है कि यदि उन्हें समय रहते तकनीकी औपचारिकताएं पूरी करने में मदद मिल जाए तो वे तीसरे चरण का काम 31 दिसंबर 2008 तक पूरा कर देंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: