हरियाणा. इनेलो ने 22 मई को होने वाले तीन विधानसभा उपचुनावों में इनेलो प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया है। इनेलो के प्रधान महासचिव व राज्यसभा सांसद अजय सिंह चौटाला ने कांग्रेस पर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने और आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।
इनेलो सांसद ने पत्रकार वार्ता में कहा कि हुड्डा सरकार द्वारा विधानसभा उपचुनावों की घोषणा के बाद 21 अप्रैल को मंत्रीमंडल की बैठक में गरीबों को मुफ्त प्लाट देने वाली योजनों की शर्ताें में संशोधन कर लोगों को लुभाने का प्रयास करना व अन्य परियोजनाओं को रियायतें दिए जाना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। प्रदेश सरकार द्वारा खानपुरकलां महिला विश्वविद्यालय गोहाना में इंजीनियरिंग कालेज खुलवाने की कुलपति के माध्यम से की गई घोषणा भी आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन है।
उन्होंने इस पर तुरंत रोक लगाए जाने और सरकार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए कहा कि बिजली मंत्री रणदीप सुर्जेवाला द्वारा सिरसा जिले में बिजली संबंधी की गई घोषणाएं भी चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हैं। प्रदेश में लोग बिजली को लेकर हा-हाकार कर रहे हैं और मुख्यमंत्री व बिजली मंत्री मात्र घोषणाओं के माध्यम से लोगों को गुमराह करने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा उपचुनावों में अपनी संभावित हार को देखकर बुरी तरह से बौखला गई है।
और लोगों को लुभाने के लिए तरह-तरह की झूठी घोषणाएं की जा रही हैं। इनेलो नेता ने कहा कि पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए न सिर्फ पूरी तरह से लोकतांत्रिक प्रणाली अपनाई बल्कि सभी राजनैतिक दलों से पहले उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनाव अभियान में शुरूआती बढ़त भी हासिल कर ली है।
सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो के तीनों उम्मीदवार बेहद पढ़े-लिखे और हैवीवेट उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि आदमपुर से पार्टी उम्मीदवार प्रो. सम्पत सिंह पांच बार एमएलए रहने के अलावा तत्कालीन इनेलो सरकार में वित्तमंत्री सहित अनेक महत्वपूर्ण पद संभाल चुके हैं। उन्होंने कहा कि गोहाना से उम्मीदवार डा. केसी बांगड़ लोकसेवा आयोग के चेयरमैन व गुरू जम्बेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति पद के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के ख्याति प्राप्त कृषि वैज्ञानिक है जबकि इंद्री के उम्मीदवार डा. अशोक कश्यप पेशे से डाक्टर और बेहद मिलनसार व सच्चन व्यक्ति के तौर पर इलाके में जाने जाते हैं।
इनेलो सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी भिवानी लोकसभा उपचुनाव के लिए भी पूरी तरह से तैयार थी लेकिन इस्तीफे की घोषणा करने वाले और तथाकथित मुख्यमंत्री बनने का ख्बाव लेने वाले व्यक्ति ने लोकसभा से आज तक इस्तीफा ही नहीं दिया और इस्तीफे से बचने के लिए ही वे विदेश भाग गया है अन्यथा भिवानी लोकसभा सीट पर भी उनकी पार्टी भारी बहुमत से विजयी होती। उन्होंने तीनों विधानसभा उपचुनावों में पार्टी उम्मीदवारों की भारी मतों से जीत होने का दावा करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए उपचुनाव जीतने का उनकी पार्टी का हमेशा कीर्तिमान रहा है।
इनेलो नेता ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए स्वर्गीय चौधरी देवीलाल ने 1974 में रोड़ी से और 1985 में महम से कांग्रेस सरकार के खिलाफ चुनाव जीता था। इसी तरह 1993 में कांग्रेस सरकार के खिलाफ नरवाना से इनेलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने उपचुनाव जीता जबकि 1998 में बंसीलाल सरकार के वक्त इनेलो उम्मीदवार प्रो. सम्पत सिंह ने फतेहाबाद के उपचुनाव में जीत हासिल की थी। इनेलो सांसद ने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों ने पिछले तीन दिन से तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव अभियान छेड़ रखा है जबकि 27 अप्रैल से चुनाव अभियान की विधिवत शुरूआत की जाएगी।
सांसद अजय सिंह चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की जनता बिजली-पानी के अभाव, बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति, बढ़ती महंगाई, कर्जा माफी घोषणा के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी, खाद व गैस की कालाबाजारी, व्यापारियों द्वारा की जाने वाली गेहूं की खरीद पर रोक लगाने, किसानों को फसलों के पूरे भाव न मिलने, बढ़ते सरकारी भ्रष्टाचार, बिजली-खरीद घोटालों, जमीन घोटालों, जातीय तनाव, उद्योग धंधों के पलायन, भयमुक्त भ्रष्टाचार, नौकरियों की नीलामी और एसईजेड के नाम पर किसानों को उजाड़ने जैसे मुद्दों पर हुड्डा सरकार को करारा सबक सिखाने के मूड में है। उन्होंने कहा कि इनेलो इन मुद्दों के अलावा प्रदेश में हुड्डा सरकार के भ्रष्टाचार, प्रोपर्टी डीलिंग के धंधे, सरकारी जमीनों पर कब्जे, ठप पड़े विकास कार्यो, एसवाईएल, पीले कार्ड के नाम पर गरीबों के साथ किए गए भद्दे मजाक और व्यापारियों व कर्मचारियों सहित समाज के किसी भी वर्ग के साथ चुनाव के वक्त किए गए वायदे पूरे न करने के मुद्दे पर विधानसभा उपचुनावों में सरकार को घेरेगी।
इनेलो सांसद ने कहा कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी ने अलग-अलग जोन स्थापित करके इन जोन के प्रभारी मौजूदा विधायक, पूर्व विधायक व पूर्व मंत्रियों को लगाया है। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं की टीम भी इन क्षेत्रों में काम करेगी और एक-एक गांव के प्रत्येक कार्यकर्ता से सम्पर्क कर पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डालने का आग्रह करेगी। सवालों के जवाब में अजय सिंह ने बताया कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 1 लाख 37 हजार 121 मतदाताओं में से 74 हजार 528 मतदाता सामान्य वर्ग से, 28 हजार 387 अनुसूचित जाति से व 34 हजार 206 मतदाता पिछड़ी श्रेणी से है। इनमें से 42 हजार 33 मतदाता जाट व 16 हजार 340 मतदाता बिoAोई वर्ग के हैं।
अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पार्टी की ओर से पांच-पांच जिलों के पदाधिकारी तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव अभियान चलाएंगे। उन्होंने कहा कि पहली मई को प्रो. सम्पत सिंह आदमपुर से, दो मई को डा. के.सी. बांगड़ गोहाना विधानसभा क्षेत्र से व तीन मई को डा. अशोक कश्यप इंद्री विधानसभा क्षेत्र से अपने नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ बोलकर सत्ता हथियाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज सरकार में बैठे मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री, सांसद व विधायक दोनांे हाथों से प्रदेश के खजाने को लूटने में लगे हुए हैं।
पंचकूला नगर परिषद चुनाव के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में इनेलो सांसद ने कहा कि आज कांग्रेस सरकार बेशर्मी से पार्षदों की खरीदों फरोख्त करने और उनका अपहरण करवाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि वे प्रजातंत्र को बचाए रखने के लिए सभी राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों और विशेषकर पंचकूला के सभी पार्षदों से आग्रह करेंगे कि वे इकट्ठे होकर कांग्रेस की ऐसी घटिया हरकतों का मुंहतोड़ जवाब दें।