Manoranjan
Telly Talk Telly Talk मुंबई
धारावाहिक ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ से घर-घर में लोकप्रिय होने वाली अभिनेत्री मोना सिंह का सोनी टीवी से नाता टूट गया है। मोना का चैनल से हुआ अनुबंध अब खत्म हो गया है और अब वह दूसरे चैनलों के धारावाहिक करने के लिए स्वतंत्र हैं। मोना ने यह अनुबंध इसलिए खत्म किया है क्योंकि वह सोनी के लिए और धारावाहिक नहीं करना चाहती थी।
दरअसल, जब मोना ने ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ साइन किया था, उसने उसी समय चैनल के साथ तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था। धारावाहिक खत्म होने के बाद मोना ने कॉन्ट्रैक्ट के दौरान चैनल के रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में हिस्सा लिया। इसके बाद मोना का कॉन्ट्रैक्ट और एक साल के लिए बढ़ा दिया गया था।
मोना ने बताया, ‘चैनल के साथ चार साल तक का साथ बहुत बढ़िया रहा। मैंने अब अपना कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाया है क्योंकि मेरा खयाल है कि अब मुझे और चैनलों के धारावाहिक भी करने चाहिए।’ कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद मोना को अन्य चैनलों की ओर से सीरियलों के प्रस्ताव आने भी शुरू हो गए हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या मोना के दूसरे चैनलों के साथ जुड़ने के फैसले से सोनी के अधिकारी खुश हैं, उन्होंने कहा, ‘मेरे और चैनल के अधिकारियों के बीच एक-दूसरे के प्रति कोई बुरी भावनाएं नहीं हैं। हमारे संबंध पहले जितने ही मधुर हैं।’