पुणे. पुणे के नजदीक भाटघर तालाब में ढाई दर्जन लोगों से भरी एक नाव के पलट जाने से दो दर्जन से ज्यादा लोग डूब गए हैं जिनमें से 11 के शव बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि हादसे के शिकार लोग वेलवंड गांव से एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद नाव में बैठकर तालुका भोर के वाकांबा गांव लौट रहे थे।
नाव में कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें से नौ को ग्रामीणों ने बचा लिया। शोर सुनकर मदद के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने नौ लोगों को बचा लिया।
सूत्रों के अनुसार, तेज हवा के झोंके से नाव का संतुलन बिगड़ गया। मृतकों में महिलाओं और बच्चों का शामिल होना बताया गया है। एक अन्य एजेंसी की खबर के मुताबिक इस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई है। गुमशुदा लोगों की तलाश जारी है।