सिंगापुर.
एशियाई देशों में कंप्यूटर निर्माता कंपनियों ने इस वर्ष की पहली तिमाही में भारी लाभ कमाया है। इस दौरान कंप्यूटरों की बिक्री में 19 फीसदी का उछाल आया है।
वर्ष की पहली तिमाही के दौरान जापान को छोड़ कर एशिया-प्रशांत क्षेत्र के बंदरगाहों से एक करोड़ 70 लाख कंप्यूटरों की लदाई कहीं न कहीं इसकी बढ़ती मांग की कहानी कहते हैं।
वर्ष 2007 की चौथी तिमाही की तुलना में इस वर्ष की पहली तिमाही के दौरान पर्सनल कंप्यूटरों (पीसी) की मांग में जो वृद्धि दर दर्ज की गई वह दहाई अंकों से भी ज्यादा थी।
ये आंकड़े समाचार पत्र ‘बिजनेस टाइम्स’ ने शोध संस्थान ‘आईडीसी’ के हवाले से प्रकाशित किए हैं।
पत्र ने ‘एशिया-पैसिफिक सिस्टम्स रिसर्च’ के निदेशक ब्रायन मा के हवाले से कहा कि अमेरिकी आर्थिक संकट के सारी दुनिया में फैलने की आशंकाओं के बावजूद एशियाई बाजारों में पहली तिमाही के दौरान कंप्यूटरों की बिक्री में खासी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस दौरान कंप्यूटर निर्माता लेनोवा इस क्षेत्र के बाजारों में 16.4 फीसदी के साथ अपनी श्रेष्ठता कायम किए हुए है जबकि हेवलेट-पैकार्ड 15.1 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है।