Manoranjan
Movie Masala Movie Masala
राज ठाकरे ने अमिताभ के बारे में बहुत कुछ कहा, लेकिन उस वक्त उन्होंने राज को जवाब देने से परहेज ही रखा। हाल ही में शत्रुघन सिन्हा ने फिल्म पुरस्कारों को लेकर जो कमेंट्स किया उस पर अमिताभ के तेवर काफी तीखे हो चले हैं। हालांकि शत्रुघन ने सांकेतिक रूप से इशारा बच्चन परिवार की ओर किया था, लेकिन अमिताभ ने उसे स्पष्ट तौर पर अपने परिवार पर प्रहार माना। उन्होंने मीडिया के सामने खुलकर शत्रु के कमेंट्स का विरोध किया। यहां अमिताभ का क्रोध थमता नजर नहीं आ रहा है और वे एक बार फिर से शत्रु के खिलाफ प्रखर हो गए हैं।
अमिताभ ने शत्रु की बात का जवाब देते हुए कहा है कि यदि अपने परिवार के ऊपर लगी गलत तोहमत का जवाब देने को शत्रु किसी बड़े कलाकार की बचकाना हरकत मानते हैं, तो वे अपने व्यवहार को बचकाना मानने को तैयार हैं। वे कहते हैं कि यदि कोई उनके परिवार को गाली देगा, तो वे भी उसका प्रतिउत्तर देंगे, खामोश नहीं रहेंगे। शत्रु का कहना था कि अमिताभ ‘तारे जमीं पर’ फिल्म को लेकर की गई उनकी बात से भड़क गए।
दूसरी ओर अमिताभ ने जवाब दिया है कि वे ‘तारे जमीं पर’ को लेकर नहीं, बल्कि फिल्म ‘गुरु’ के लिए शत्रु द्वारा किए गए कमेंट्स से नाराज हैं। इस फिल्म का संबंध सीधे तौर पर उनके बेटे और बहू से है।
शत्रु ने अमिताभ के ऊपर यह भी आरोप लगया था कि उत्तर प्रदेश में हर अवार्ड उनके परिवार को जाता था। उस वक्त वहां मुलायम सिंह की सरकार थी और अमिताभ का संबंध समाजवादी पार्टी से है। इस बारे में भी अमिताभ ने शत्रु को जमकर लताड़ा। अमिताभ ने सारे मामले में शत्रुघन के व्यवहार को ही अपरिपक्व ठहराया। अमिताभ का मानना है कि शत्रु इस तरह की बचकानी बातें कर रहे हैं।