HomeNewsHaryanaHisar Hisar

खानक में एक करोड़ की डकैती

तोशाम. खानक में बुधवार देर रात बाबा मुंगीपा माइनिंग कार्यालय में फर्म के खजांची को धमकाकर करीब एक करोड़ रुपए ले लेने के मामले में पुलिस ने प्रमुख खान ठेकेदार वेदपाल तंवर व उसके दो भतीजों सहित पांच व्यक्तियों पर डकैती का मामला दर्ज किया।

वेदपाल पर मामला दर्ज कराने वाला कोई और नहीं बल्कि उनकी खान फर्म का खंजाची है। इस फर्म में वेदपाल के अलावा कई ठेकेदार साझेदार हैं। फर्म के खजांची हिसार निवासी उमेद पंघाल ने बुधवार देर रात पुलिस को शिकायत दर्ज देकर कहा कि वह खानक स्थित बाबा मुंगीपा माइनिंग के कार्यालय में अपने साथियों प्रदीप व महेंद्र के साथ पूरे दिन में एकत्र हुई राशि को गिन रहा था। तभी एक बोलेरो आई, जिसमें खान ठेकेदार वेदपाल तंवर के दो भतीजे बादल व ध्रुवपाल के अलावा उनके सहयोगी राकेश व हनुमान सवार थे। उनके हाथों में लाठियां थीं। खजांची ने आरोप लगाया कि तभी हनुमान व ध्रुवपाल ने मोबाइल पर वेदपाल तंवर से बात की।

इसके बाद उन्होंने वहां रखी सारे राशि उनके हवाले कर देने को कहा। इसका विरोध करने पर उन्होंने उसका कत्ल करने की धमकी दी। इसके बाद हनुमान व ध्रुवपाल ने उसे पकड़ लिया तथा शेष दोनों ने वहां रखे लगभग एक करोड़ रुपए उठाकर बलेरो में रख लिए। उन्होंने इस घटना का जिक्र करने पर जान से मार डालने की धमकी दी।

मामला दर्ज
खजांची की शिकायत पर कस्बा पुलिस ने वेदपाल तंवर, उसके दोनों भतीजों ध्रुवपाल व बादल तथा सहयोगियों हनुमान व राकेश के खिलाफ डकैती तथा जान से मार डालने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों में से किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

फर्म का पार्टनर हूं, डकैत नहीं : वेदपाल
खान ठेकेदार वेदपाल तंवर का कहना है कि जो भी हुआ है, वह एक सोची समझी चाल है। सभी जानते हैं कि मैं खान ठेकेदार फर्म का पार्टनर हूं, कोई डकैत नहीं। इस पूरे घटनाक्रम में कोई सच्चई नहीं है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चई सामने आ सके।

नियमानुसार हुई है कार्रवाई: एसएचओ
तोशाम के थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में नियमानुसार सारी कार्रवाई की है। फर्म के कैशियर ने बुधवार रात एक करोड़ रुपए की राशि जबरन छीन ले जाने की शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच करने के बाद ही पांचों आरोपियों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: