विकास मंत्र. क्या आप अपने काम या नौकरी से परेशान हैं और तनाव में रहते हैं? क्या आपको यह लगता है कि आपके सहयोगी और बॉस आपके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते और आपको अपने काम के अनुरूप वेतन भी नहीं मिलता है?
यदि हां, तो ऐसा सोचने वाले आप अकेले व्यक्ति नहीं हैं। ज्यादातर कर्मचारी अपने काम से खुश नहीं होते और धारणा यह है कि आपको अपना काम करने की तनख्वाह मिलती है, उसे पसंद करने की नहीं। लेकिन क्या आप अपने काम के प्रति आभारी महसूस करते हैं?
सच तो यह है कि धन्यवाद कहना हमारे स्वभाव में ही नहीं है। हालांकि बचपन में हमें छोटी से छोटी बात पर ‘प्लीज’ और ‘थैंक यू’ कहना सिखाया जाता है पर प्राकृतिक तौर पर आभारी महसूस करना हम नहीं सीख पाए हैं। जैसे हम छोटे बच्चों को सिखाते हैं वैसे ही हमें भी अपने चारों ओर की घटनाओं के प्रति आभारी होना चाहिए और अपने कार्यस्थल पर भी इसे लागू करना चाहिए। ये हैं कुछ चीजें जिसके लिए हमें आभारी महसूस करना चाहिए, -आपके पास एक नौकरी है जबकि ऐसे कई लोग हैं जो बेरोजगार हैं।
-आपका ऑफिस एक अच्छी इमारत में है और वहां रोशनी और पंखा है। -आपको हफ्ते में एक या दो दिन छुट्टी मिलती है, जबकि कई जगह ऐसा नहीं है। -ऑफिस में आप अकेले नहीं, बल्कि साथ में और भी लोग काम करते हैं।
आभारी रहने के और भी कई कारण हैं। अपने सहयोगियों को धन्यवाद कहने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे महत्वपूर्ण महसूस करते हैं। अगर आपका काम कठिन है और अगर आपको रोज कुछ सीखना पड़ता है तो शुक्रगुजार रहिए कि आपको सीखने का मौका मिल रहा है। खुश और आभारी महसूस करके काम करने का अपना लाभ है, क्योंकि इससे माहौल अच्छा रहता है और आप हमेशा खुश रहते हैं।