राजधानी हरियाणा. भारतीय चुनाव आयोग द्वारा मंडल स्तर पर भारतीय प्रशासनिक सेवाओं के वरिष्ठ अधिकारियों को रोल ऑबजर्वर के रूप में नियुक्त किया गया है।
हिसार मण्डल में रोल ऑबजर्वर के रूप में नियुक्त एनसी वधवा ने मतदाता सूचियों की समीक्षा करने के लिए जिला के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक की मतदाता सूचियों का तुलनात्मक अध्ययन करें । इस अध्ययन में लिंग, धर्म, जाति व समुदाय के आधार पर तुलना की जाएगी । इसके साथ-साथ जिन परिवारों में 10 से अधिक मतदाता हैं, उन परिवारों की भी जांच की जाएगी ।
उन्होंने बताया कि किसी एक बूथ व विधानसभा क्षेत्र में अन्य बूथ व विधानसभा क्षेत्र से महिलाओं व पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है तो ऐसे विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अध्ययन किया जाएगा और खामियां पाए जाने पर इन्हें ठीक किया जाएगा ।
वधवा ने बताया कि समीक्षात्मक अभियान में विभिन्न आयु वर्र्गो के लोगों के वोटों की भी जांच की जाएगी। इसके साथ-साथ इस अभियान में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लड़के व लड़कियों के वोट बनाए जाएंगे। इस प्रकार से जिन लड़कियों की शादी हो चुकी है उन लड़कियों के नाम भी संबंधित गांव की मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। कई बार सीमावर्ती प्रदेशों के लोग हरियाणा में पड़ने वाले नजदीकी गांवों व हलकों में वोट बनवा लेते हैं। इस प्रकार से वोटों की संख्या ज्यादा हो जाती है, ऐसे वोटों की पहचान की जाएगी और मतदाता सूची से काटा जाएगा। सभी हलकों में वोटो की बढ़ौतरी की प्रतिशतता की भी जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा प्रदेश में फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार की जानी है।