HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

रंजिश में दो युवतियों पर तेजाब फेंका

लुधियाना. दो पक्षों में चल रही रंजिश में इस बार फिर लड़कियां शिकार बनीं। शेरपुर कलां इलाके में पूर्व किराएदार ने मकान मालिक से चल रही रंजिश में उसकी बेटी और उनकी किराएदार युवती के चेहरे पर वीरवार दोपहर तेजाब फेंक दिया। इस वारदात में दोनों युवतियां झुलस गई हैं और दोनों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कातिलाना हमले का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक ट्रेन में सवार होकर भागने की फिराक में था। आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

उधर, पीड़ित युवती के पिता बूटा सिंह का आरोप है कि पड़ोस में ही रहने वाले उसके बड़े भाई व भतीजों ने आरोपी धर्म्ेद्र के जरिए उसकी बेटी पर तेजाब फिंकवाया है। बूटा सिंह व साहिब सिंह के परिवारों में बातचीत भी बंद है।

आचार खरीदने जा रही थी युवती : घटना दोपहर करीब ढ़ाई बजे की है जब बूटा सिंह की बेटी सुखविंदर कौर (19) अपनी किराएदार शीतल पटेल के साथ पैदल ही बाजार से आचार खरीदने जा रही थी। सुखविंदर की मां मोहिंदर कौर कैंसर से पीड़ित है और बिस्तर से हिल नहीं पाती। मां की आचार खाने की इच्छा को सुखविंदर टाल नहीं पाई थी। जैसे ही सुखविंदर व शीतल गली के मोड़ पर अपने ताया साहिब सिंह के वेहड़े तक पहुंची, वहां पहले से घात लगाकर बैठे युवक धर्मेंद्र ने बाल्टी में रखा तेजाब उसके चेहरे पर फेंक दिया। तेजाब के छींटे शीतल पर भी पड़े। इस हमले में सुखविंदर 30 प्रतिशत और शीतल 15 प्रतिशत झुलस गई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना सुखविंदर के भाई बलजीत सिंह व पिता बूटा सिंह को दी। परिजन दोनों युवतियों को अस्पताल ले गए।

अवैध संबंध के शक में निकाला था धर्मेंद्र को : आरोपी धर्मेंद्र कुमार पासवान मूल रूप से बिहार के जिला रोहतास के गांव सोंथ का मूल निवासी है व यहां एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। आरोपी यहां बूटा सिंह के वेहड़े में किराए पर रहता था।

बूटा सिंह को धर्मेंद्र का वेहड़े में दूसरे कमरे में रहने वाले एक अन्य किराएदार की पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के आधार पर बूटा सिंह ने धर्मेंद्र और दूसरे किराएदार को यहां से निकाल दिया था। धर्मेंद्र पड़ोस में ही स्थित बूटा सिंह के भाई साहिब सिंह के वेहड़े में रहने लगा था।

- होली के दिन हुआ था झगड़ा
एसपी सिटी-2 गुरमीत सिंह रंधावा के मुताबिक होली वाले दिन धर्मेंद्र ने शराब पीकर यहां हंगामा किया था व इस बात को लेकर बूटा सिंह के बेटे और उसके बीच झगड़ा हुआ था। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई।

- 20 दिन से बना रहा था योजना
धर्मेंद्र सुखविंदर पर तेजाब फेंकने की योजना करीब 20 दिन से बना रहा था। इसके लिए उसने गली में आए सेल्स मैन से एक सौ रुपए में टॉयलेट साफ करने का तेजाब खरीदा था। वीरवार को मौका देखते ही उसने सुखविंदर पर तेजाब फेंक दिया।

* आरोपी धर्मेंद्र के खिलाफ सुखविंदर के भाई बलजीत सिंह की शिकायत पर कातिलाना हमले का मामला दर्ज किया गया है। अभी साहिब सिंह के परिवार की इस वारदात में कोई संलिप्ता सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस प्रत्येक एंगल से मामले की जांच कर रही है।
- गुरमीत सिंह रंधावा, एसपी सिटी-2, लुधियाना





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: