बैरागढ़. महिला के गले से चैन खींचकर भाग रहे एक लुटेरे को नागरिकों एवं नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों की मदद से पकड़ लिया गया। आरोपी चाकू लहराते हुए भाग रहा था।
जानकारी के अनुसार ए न्यू 39/412 निवासी चिमनदास वाधवानी की पत्नी हरि देवी गुरुवार को सत्संग सुनने ग्राम बेहटा स्थित स्वामी टेंऊराम आश्रम गईं थी। सुबह करीब 10 बजे वे वनट्री हिल्स मार्ग से अपने घर की तरफ जा रहीं थी कि एक युवक झपटा मारकर उनके गले में पहनी करीब ढाई तौला वजनी सोने की चैन खींच कर भागने लगा।
घटना से घबराई 55 वर्षीय हरि देवी संभलते हुए चोर का पीछा करते हुए मदद के लिए पुकार लगाई। महिला को भागते देख वहां खड़े नारायणदास साधवानी ने अपने स्कूटर से आरोपी का पीछा किया। इसी बीच नगर सुरक्षा समिति की कार्यशाला में भाग लेने जा रहे समिति के सदस्य एडी शर्मा, मोहर सिंह एवं विजय फुलवानी ने काली मंदिर के पास आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
चाकू से वार का प्रयास
सहायक उपनिरीक्षक वीएस कुशवाह ने बताया कि आरोपी का नाम दीपक पुत्र जयरामदास बालचंदानी है। आरोपी ने पकड़ने का प्रयास कर रहे तीनों युवकों पर चाकू से हमले का असफल प्रयास किया। थाना प्रभारी एचएस राजपूत ने बताया कि आरोपी के पास से लूटी गई चैन एवं चाकू बरामद किया गया है। महिला हरि देवी के गले में चैन खींचने से सूजन आ गई हैं। पुलिस को शंका है कि आरोपी का कोहेफिजा क्षेत्र में हुई चैन लूट की घटना में भी हाथ हो सकता है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पकड़ने वाले पुरस्कृत होंगे
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एसएस सर्राफ ने बताया कि आरोपी को पकड़ने वाले नगर सुरक्षा समिति सदस्यों एवं नागरिकों का सम्मान किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरुकता परिचय दें। यदि कोई वारदात होती है तो उसे पकड़ने का पूरा प्रयास करें।