भोपाल. एक बेहद रोमांचक मुकाबले में सेंट माइकल ने डब्ल्यूसीआर को एक विकेट से हराकर भोपाल कार्निवाल की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका मुकाबला शुक्रवार को आईपीसी से होगा।
स्थानीय ओल्ड कैंपियन मैदान पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में डब्ल्यूसीआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 45.2 ओवर में 201 रन बनाए। इसमें प्रदीप याज्ञनिक ने 32, कप्तान सोहेल ने 27 और जीतू सिंह ने 37 रनों की पारी खेली। सेंट माइकल की ओर से दानिश रैन ने 10 ओवर में 53 रन देकर तीन विकेट झटके। जबकि मुक्तादिर उल्ला और शान ए आलम ने 2-2 विकेट झटके।
जवाबी पारी खेलने उतरी सेंट माइकल टीम को सलमान बेग और समीर कुरैशी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने 8.1 ओवर में 49 रन जोड़ लिए थे। तभी समीर निशांत की गेंद पर हवाई शाट खेल बैठे और 29 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए। इसी ओवर में शान ए आलम भी खाता खोले बगैर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान परवेज उल्ला और समीर ने स्कोर को आगे बढ़ाया। स्कोर 84 तक पहुंचा कि सलमान भी चलते बने।
उन्होंने 38 रनों का योगदान दिया जबकि परवेज उल्ला ने 43 रनों की पारी खेली। इधर मदन यादव में रंग में आते जा रहे थे। एक समय स्कोर नौ विकेट पर 183 रन था और डब्ल्यूसीआर को जीतने के लिए मात्र एक विकेट की दरकार थी लेकिन जुबेर रजा और दानिश रैन ने टुक-टुक करते हुए टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। जुबेर को मैन आफ द मैच चना गया। उन्हें बीडीए के अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह और जवाहर सिंह ने पुरस्कृत किया। कल समापन और पुरस्कार वितरण मप्र पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और बीडीसीए के चेयरमैन ध्रुवनारायण सिंह करेंगे।