भोपाल. यदि आप नया वाहन खरीदने का मन बना रहे हैं, तो सावधान रहें। यदि कोई अजनबी आपको जीरो फाइनेंस के साथ वाहन बेचने का आमंत्रण दें, तो समझें कि दाल में कुछ काला जरूर है। वजह यह कि शहर में गाड़ी बेचने के नाम पर लोग ठगे जा रहे हैं।
ठगी-1: नारायण नगर निवासी योगेंद्र चौहान गाड़ी खरीदने के नाम पर 20 हजार रुपए की चपत खा चुके हैं। उन्होंने बताया कि वे एक शो रूम पर गाड़ी देखने गए थे। उन्हें वहां से बताई गई ब्याज दर अधिक लगी। इसलिए वे घर आ गए। अगले दिन से उनके पास फोन आने लगे। उनसे कहा गया कि वाहन कंपनी उन्हें जीरो फाइनेंस पर गाड़ी बेचने को तैयार है।
यह भी कहा गया कि श्री चौहान संबंधित दस्तावेज तैयार रखें, जिसमें पांच चेक साइन करके रखने की बात भी कही गई। दोपहर में श्री चौहान आफिस में थे। उस समय उनके घर एक युवक आया। युवक ने श्रीमती चौहान से चेक लिए और पानी मांगा। वे भीतर र्गई, इस बीच युवक ने चेक बुक से एक और चेक निकाल लिया। शाम को चौहान दंपती उक्त कंपनी के शो रूम गए तो पता चला कि वहां से उनके पास किसी को भी नहीं भेजा गया था। अगले दिन श्री चौहान ने बैंक जा कर देखा तो उनके खाते से 20 हजार रुपए निकाल लिए थे।
कैसे हो रहा है: अब तक हुए ऐसे मामलों में सामने आया है कि किसी शो रूम पर गए लोग ही ठगी का शिकार होते हैं। शो रूम पर व्यक्ति का नाम और पता नोट किया जाता है। पुलिस इस बात से इंकार नहीं करती कि किसी मिलीभगत या अन्य तरह से यह नाम और पता ठग तक पहुंच जाता है। इसके बाद वह खुद को फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बता कर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर लेता है।