HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

हाकर्स कार्नर: कहीं आसानी, कहीं परेशानी

भोपाल. शहर में फेरी लगाकर या सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर फुटकर सामान बेचने वालों को सुव्यवस्थित ढंग से बसाने के लिए बनी हाकर्स कार्नर योजना को एक ओर जहां कुछ लोग पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ स्थानों पर यह योजना रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। कुछ स्थानों पर इस योजना के विस्तार की मांग भी उठ रही है। शहर में 15 स्थानों पर हाकर्स कार्नर बनाए जा चुके हैं और पांच अन्य स्थानों पर जल्द ही नए हाकर्स कार्नर खुलने वाले हैं।

यहां भी बनाए जाएं

यदि ज्योति टाकीज के सामने एक हाकर्स कार्नर बना दिया जाए तो एमपी नगर में फैले अतिक्रमण पर हाफी हद तक लगाम लग सकती है। यह बात सिटीजन रिपोर्टर के माध्यम से ओपी मालवीय ने दैनिक भास्कर का ध्यान आकर्षित कराते हुए कही। उन्होंने बताया कि ज्योति टाकीज के सामने फूलवालों और चाय की दुकानों से यहां काफी समस्याएं होती हैं। यदि इनकी जगह यहां एक हॉकर्स कार्नर बना दिए जाएं, तो ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के साथ ही इनसे होने वाली समस्याओं से भी यहां के लोगों को निजात मिल सकती है।

कुछ जगह परेशानी

चौपाटियों की तर्ज पर भोपाल में विकसित किए गए हाकर्स कॉर्नर परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। इन पर शाम को असामाजिक तत्व सक्रिय होने लगे हैं। यहां अवैध गुमटियां लग गई हैं। कुछ कॉनर्स तो रात को ओपन बार में तब्दील हो जाते हैं। दैनिक भास्कर संवाददाता ने गुरुवार को कुछ हॉकर्स कॉर्नर का मुआयना किया तो पाया कि इनका दुरुपयोग हो रहा है। शाम में इनके देर तक खुले रहने के कारण यहां शोर शराबा होता रहता है। आसपास के रहवासी हाकर्स कार्नर पर जमा होने वाली भीड़ और गंदगी से परेशान रहते हैं।

यहां है हाकर्स कार्नर

नगर निगम ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक और यहां-वहां फैले फेरीवालों को व्यवस्थित करने के लिए लगभग तीन साल पहले हॉकर्स कॉर्नर बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए नगर निगम ने शहर में एक सर्वे कराया, जिसमें ऐसे हॉर्कस की जानकारी हासिल की गई, जो रोड पर फेरी लगाते हैं। इसके बाद नगर निगम ने कुछ स्थान सुनिश्चित कर उन स्थानों पर फेरी वालों को अपनी दुकान लगाने की अनुमति दी। नगर निगम इन हॉकर्स से पहले पांच रुपए प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क लेता था, जो सात रुपए कर दिया है।

यहां चल रहे हैं हॉकर्स कार्नर

1. माता मंदिर नाले के पास

2. काली मंदिर माता मंदिर के पास

3. छह नंबर स्टाप के पास 4. हबीबगंज रेल्वे स्टेशन के पास 5. दस नंबर पर छप्पन भोग के पास 6. जीएम टावर दस नंबर स्टाप 7. फिरदौस पार्क

8. मनीषा मार्केट 9. रेल्वे प्लेटफार्म नंबर एक

10. कल्पना नगर

11. लालघाटी चौराहा

12. बिड़ला मंदिर

13. पुतलीघर बस स्टैंड

14. सुल्तानिया अस्पताल

15. एमएएनआईटी चौराहे के पास





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: