इंदौर. लवकुश विहार टंकी का वॉल्व २४ घंटे की मशक्कत के बाद गुरुवार को सुबह ९ बजे जाकर दुरुस्त हो पाया। इस दौरान डेढ़ लाख गैलन पानी व्यर्थ बहा लेकिन शिकायतों के बावजूद नगर निगम या नर्मदा परियोजना के अफसर मौके पर नहीं पहुंचे। आखिरकार टंकी के कर्मचारियों को ही मोर्चा सम्हालना पड़ा।
सुखलिया क्षेत्र में स्थित लवकुश विहार के सेक्टर ‘ई’ में १७ साल पुरानी टंकी की क्षमता डेढ़ लाख गैलन है। इससे ‘जी’ सेक्टर को भी पानी की आपूर्ति की जाती है। बुधवार को टंकी भरी गई इसी बीच एक वॉल्व खराब हो गया।
इस्तीफा दे चुके हैं : स्थानीय लोगों ने पूर्व जलकार्य प्रभारी मुन्नालाल यादव और पार्षद विजय लक्ष्मी श्रीवास्तव को सूचना दी तो जवाब मिला हम इस्तीफा दे चुके हैं। हाउसिंग बोर्ड, नगर निगम कंट्रोल रूम व नर्मदा कंट्रोल रूम को सूचना दी पर अफसर नहीं आए। आखिर टंकी पर कार्यरत कर्मचारियों की कोशिश से गुरुवार सुबह वॉल्व सुधरा।
फट सकता है दूसरा वॉल्व : सुधारे गए वॉल्व से १५ फीट दूर एक और वॉल्व है जिसकी मेन रॉड गायब है। कर्मचारियों ने बताया वॉल्व की हालत महीनेभर से यही है। कई बार शिकायत कर चुके हैं पर देखने वाला कोई नहीं। बगैर रॉड के सप्लाई के दौरान कभी भी वॉल्व फट सकता है।