HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सरप्राइज विजिट न होने दें

रायपुर. r डीजीपी विश्व रंजन ने स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) के नई दिल्ली स्थित मुख्यालय से आग्रह किया है कि बस्तर और सरगुजा में राहुल गांधी की सरप्राइज विजिट न होने दें। उन्होंने कहा कि दोनों ही इलाके नक्सल प्रभावित हैं तथा गांवों की दूरी काफी ज्यादा है। अगर राहुल अचानक कहीं पहुंच गए तो उनके लिए भारी मात्रा में फोर्स भेज पाना मुश्किल हो जाएगा।

डीजीपी ने कहा कि पहले से सूचना देकर राहुल कहीं भी जाएं, उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। दरअसल गांधी परिवार के सदस्य अक्सर सरप्राइज विजिट कर लोगों ही नहीं, सुरक्षा को भी चौंकाते रहे हैं।

राजीव गांधी और उनके बाद राहुल की ये अदा आम लोगों को बेहद पसंद है, लेकिन सिक्योरिटी वालों के लिए बड़ा सिरदर्द है। छत्तीसगढ़ पुलिस ने राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए दर्जनों आईपीएस समेत सब मिलाकर 5000 से ज्यादा फोर्स लगा रखी है। उनके जितने भी कार्यक्रम हैं, सभी जगह एसपीजी ने जितनी फोर्स मांगी, शासन ने उससे दोगुनी उपलब्ध कराई है। फिर भी, सरप्राइज विजिट का टेंशन बना हुआ है।

डीजीपी श्री रंजन ने दैनिक भास्कर से चर्चा करते हुए पुष्टि की कि उन्होंने एसपीजी के नई दिल्ली मुख्यालय से ऐसा आग्रह किया है।

श्री रंजन ने कहा कि राहुल गांधी के लिए किस तरह से सुरक्षा मुहैया कराई जा सकती है, ये एसपीजी को ब्रीफ कर दिया गया है। यही वजह है कि एसपीजी ने राहुल का कोरबा का कार्यक्रम फिलहाल पेंडिंग कर दिया है और कोशिश की जा रही है कि राहुल का विमान हर हाल में जगदलपुर में शुक्रवार को शाम 5.30 बजे तक लैंड हो जाए।

पहले बता दें, जंगल में भी करेंगे सुरक्षा

श्री रंजन तथा राहुल की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे आईजी इंटेलिजेंस डीएम अवस्थी ने कहा कि पुलिस को खबर दे दी जाए तो बस्तर और सरगुजा के घने जंगलों में भी सुरक्षा इंतजाम किए जा सकते हैं। जहां कार्यक्रम निर्धारित हैं, वहां कड़े सुरक्षा इंतजाम कर दिए गए हैं। केवल सरप्राइज विजिट में सुरक्षा इंतजाम कर पाना कठिन होगा।

आज आएंगे

कांग्रेस के महासचिव व युवा सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। वे सुबह 10 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगे। वहां कांग्रेस ने उनके रोड शो की तैयारी कर रखी है। वहां से वे शाम 4 बजे जगदलपुर जाएंगे। वहां आदिवासी नेताओं व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद रात जगदलपुर में ही गुजारेंगे।

शनिवार को श्री गांधी सुबह 9 बजे जामवारा,11.20 बजे कुम्हारपारा, 12.20 बजे अंतागढ़ में आदिवासियों से रूबरू होंगे। दोपहर 2 बजे कांकेर में आदिवासी छात्रों की क्लास लेंगे। 3 बजे से कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे और 4 बजे प्रेस से चर्चा करने के बाद मध्यप्रदेश रवाना हो जाएंगे। श्री गांधी का यह पहला छत्तीसगढ़ प्रवास है। उनकी सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।

धुर नक्सली क्षेत्रों में जाएं, पूरी सुरक्षा दी जाएगी: रमन

रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राहुल गांधी छत्तीसगढ़ के धुर नक्सली इलाकों में जाएं, उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। जगरगुंडा और उसूर जैसे क्षेत्रों में एक दिन नहीं पूरे सात दिन रहें, सरकार पूरी फोर्स तैनात कर देगी। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने सरकार पर पूरी सुरक्षा नहीं देने का आरोप लगाया है।

मुख्यमंत्री निवास में गुरुवार की शाम पत्रकारों से बातचीत में डा. सिंह ने कहा कि श्री गांधी अपनी पूरी टीम के साथ प्रदेश के किसी भी हिस्से में जा सकते हैं। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। उनके प्रवास से कांग्रेस में लहर पैदा होने की उम्मीदों के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी इसी उम्मीद में रहें तो डा. रमन के लिए इससे बेहतर बात और क्या हो सकती है। कांग्रेस को अब यहां लहर पैदा करने के लिए दिल्ली से नेता बुलाना पड़ रहा है। प्रदेश में एक भी कंकड़ नहीं है जो कांग्रेस में लहर पैदा कर सके।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: