News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. तेज रफ्तार ट्रैक्टर मोड़ में पलटने की वजह से एक युवक की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
पचपेड़ी चौकी पुलिस के अनुसार बिल्हा थाना अंतर्गत ग्राम बेलटुकरी से पचपेड़ी चौकी अंतर्गत ग्राम सेमराडीह में गुरुवार की सुबह बारात आई थी। बारातियों को छोड़ने के बाद ट्रैक्टर चालक लालाराम ने ट्राली को वहीं छोड़ दिया और इंजन में बेलटुकरी निवासी 30 वर्षीय संतोष पिता रामाधार पटेल, बरतोरी निवासी मनोज पिता मानिकराम कुर्मी व लल्ला यादव को लेकर ग्राम कोसीरगांव जाने के लिए निकला। वह काफी तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहा था। सुबह लगभग 10 बजे वह चिल्हाटी के पास पहुंचा ही था मोड़ में वह वाहन को संभाल नहीं पाया।
तेज रफ्तार वाहन मोड़ में पलट गया। हादसे में संतोष के सिर में गंभीर चोट आई। उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं लालाराम, मनोज व लल्ला भी घायल हो गए। हादसे के कुछ देर बाद वहां पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने पुलिस केा हादसे की सूचना दे दी। पुलिस ने घायलों को उठाकर सिम्स के लिए रवाना किया।