HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

मोटरसाइकिल रैली निकाली, सभा की

बिलासपुर. दवा कंपनियों के प्रतिनिधियों के लिए काम के घंटे तय करने सहित अन्य मांगों को लेकर मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स (एमआर) गुरुवार को हड़ताल पर रहे। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स यूनियन के बैनर तले एमआर ने तेलीपारा से नेहरू चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकाली। अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, श्रम मंत्री व रसायन मंत्री को मेल किया।

यूनियन के पदाधिकारियों ने दवा कंपनियों के प्रबंधन व केंद्र सरकार पर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एमआर केंद्र सरकार की नीतियों व कानून के साथ जीवनरक्षक दवाइयों को गांव-गांव तक पहुंचाते हैं। दवाओं से संबंधित सूचना चिकित्सकों व दवा दुकानों तक उन्हीं के माध्यम से पहुंचती है। अपने कार्य के साथ सामाजिक निर्वाह में लगे दवा प्रतिनिधियों की केंद्र सरकार व दवा कंपनियां उपेक्षा कर रही हैं। उनके लिए वैधानिक कार्य नियमावली नहीं बनाई गई है।

कार्य करने का समय तय नहीं किया गया है। दवा प्रतिनिधियों को श्रम कानून के अंतर्गत कुछ अधिकार प्राप्त हैं। इसे भी दवा कंपनियों के दबाव में आकर महाराष्ट्र सरकार छीनने का प्रयास कर रही है। यूनियन के पदाधिकारियों ने दवा कंपनियों के प्रबंधन पर अपनी बिक्री बढ़ाने के लिए गैर कानूनी व फर्जी काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे देश में समानांतर दवाओं की कालाबाजारी बढ़ गई है।

जनस्वास्थ्य से जुड़े दवाओं के मूल्यों में भारी वृद्धि हो रही है। यूनियन के सहसचिव एसके सिंह ने बताया कि फेडरेशन आफ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव्स एसोसिएशन आफ इंडिया ने दवा कंपनियों के खिलाफ अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया था। इसके समर्थन में मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स यूनियन के बैनर तले यहां भी आंदोलन किया गया।

नेहरू चौक पर सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी संगठन जेके कर ने कहा कि दवा कंपनियों के लिए वैधानिक कार्य नियमावली बनाने की मांग पूरे देश में जोर पकड़ रही है। यदि उनकी मांग की ओर सरकार ध्यान नहीं देती, तो आंदोलन का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने एमआर से अपने अधिकार के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

संगठन के सहसचिव अनुपम उपाध्याय ने बताया कि अब यहां के दवा प्रतिनिधि अपने आठ घंटे कार्यदिवस का विस्तार करते हुए इसे एक्स स्टेशनों में भी लागू करवाने का प्रयास करेंगे। एक मई को आईएमए भवन में एक समारोह होगा, जिसमें यूनियन के सदस्यों को आंदोलन को सफल बनाने की शपथ दिलाई जाएगी। हड़ताल को सफल बनाने में आशीष वाजपेयी, अनिंध्यो मुखर्जी, साजी मथाई, अजय वर्मा, प्रसेनजीत, अमित राय सहित यूनियन के अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: