उदयपुर.
उदयपुर की प्रतिभाशाली युवा नृत्यांगना अदिति शर्मा को सांस्कृतिक प्रतिभा के लिए केंद्र की ओर से दिए जाने वाले सर्वोच्च उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
केन्द्रीय संगीत नाटक अकादमी की ओर से नई दिल्ली में 29 अप्रैल को होने वाले समारोह में अदिति को यह सम्मान मिलेगा। अदिति को यह पुरस्कार युवा वर्ग में लोक नृत्य की श्रेणी के तहत दिया जाएगा। आयुर्वेद कॉलेज में प्रोफेसर बालकृष्ण शर्मा और आलोक स्कूल में शिक्षिका सुषमा शर्मा की बेटी अदिति ने महज छह साल की उम्र में नृत्य प्रशिक्षण प्राप्त करना शुरू किया। शांकुतलम संगीत नृत्यशाला से विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त अदिति भवई, कालबेलिया, कथक सहित राजस्थानी लोक नृत्यों में प्रवीण है। अब तक देश-विदेश में एक हजार से ज्यादा प्रोग्राम पेश कर चुकी अदिति राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर 50 से अधिक पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है।
अदिति ने ब्रिटेन, अमेरिका, फ्रांस सहित कई देशों में अपनी नृत्य प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अदिति बालिका रत्न अवार्ड, पद्मावती गौरव, बालाजी, मेवाड़ रानी अवार्ड, रामा बाई अंबेडकर अवार्ड, राजस्थानी मयूरी अवार्ड सहित कई अन्य अलंकरण प्राप्त कर चुकी है। अदिति ने सुखाड़िया विवि से एमसीए की डिग्री प्राप्त की है और इन्दौर बेस्ड मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है।