जोधपुर. केंद्रीय उत्पाद शुल्क विभाग ने करोड़ों रुपए की उत्पाद शुल्क चोरी के मामले में गुरुवार को गुटखा किंग जेएम जोशी के भतीजे कैलाश जोशी और उनके कंपनी के निदेशक मनोज सेन व दिनेश सेन को गिरफ्तार किया है। उन्हें अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (आर्थिक अपराध मामलात)के समक्ष पेश करने पर दो दिन के लिए रिमांड पर लिया गया है। ज्ञात रहे बीस दिन पूर्व जोधपुर स्थित दो फैक्ट्रियों व सोलह गोदामों में दबिश देकर करीब आठ-नौ करोड़ रुपए के उत्पाद शुल्क की चोरी का मामला पकड़ा था।
वड़ोदरा में गोवा गुटखा ब्रांड से भरे ट्रक पकड़े जाने पर उत्पाद शुल्क विभाग की टीमों ने गत 4 अप्रैल को छापे की कार्रवाई शुरू की थी। कार्रवाई में गोवा गुटखा ब्रांड के करोड़ों रुपए कीमत के पाउच जब्त किए गए। इस मामले में फैक्ट्री मालिक कैलाश जोशी को विभाग ने सम्मन भेजकर 23 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था। उनके वकील हस्तीमल सारस्वत ने विभाग के उच्चाधिकारियों को फैक्स कर बताया कि जोशी की 24 घंटे तक न तो गिरफ्तारी दर्शाई गई है और ना ही उन्हें छोड़ा गया है।
यह कानून के विरुद्ध है। इस फैक्स से अधिकारी हरकत में आए और आनन-फानन में जोशी के अलावा लंबे समय से कस्टडी में रहे डायरेक्टर दिनेश सेन व मनोज सेन को गिरफ्तार कर लिया। एमजीएच में मेडिकल जांच करवाने के बाद शाम छह बजे अपर न्यायिक मजिस्ट्रेट (आर्थिक अपराध मामलात) मजिस्ट्रेट रुपचंद सुथार के निवास पर पेश किया गया। अदालत ने उन्हें सात दिन का रिमांड दिया है। उन्हें अब 1 मई को कोर्ट पेश किया जाएगा।
क्या था मामला : सेंट्रल एक्साइज टीम ने वड़ोदरा में जोशी की फैक्ट्री में निर्मित पाउच से भरे दो ट्रक पकड़े थे। उत्पाद शुल्क की चोरी का मामला उजागर होने पर 4 अप्रैल को बीस से अधिक टीमों ने जोशी के बनाड़ स्थित श्रीराज पान मसाला प्राइवेट लिमिटेड और माता जी का थान स्थित फैक्ट्री और सोलह गोदामों पर दबिश दी।
छापे की कार्रवाई में कागजों में दर्शाई पाउच मशीन से अधिक मशीनों के साथ ही बिना अनुमति गुटखा उत्पादन करने के महत्वपूर्ण सबूत मिले।
कैसे हुई उत्पाद शुल्क की चोरी
उत्पाद शुल्क चोरी करने के लिए कैलाश जोशी सिलवासा स्थित अपनी चाचा अरुण जोशी की फैक्ट्री के नाम से जोधपुर स्थित फैक्ट्रियों में अवैध रूप से गोवा गुटखा बनाकर बेचते रहे। माताजी का थान स्थित फैक्ट्री में,जहां पहले चॉकलेट व टॉफी बनाई जाती थी,वहां भी गुटखा बनाए जाने लगा। बनाड़ स्थित राज पान मसाला प्राइवेट लि. की फैक्ट्री में बीते दिनों हुबली पुलिस ने छापा मारकर जेएमजे नंबर वन गुटखा के पाउच सैंपल ,मोनोग्राम व महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए थे। इस फैक्ट्री के मालिक कैलाश जोशी केखिलाफ मुंबई की चक दे नंबर वन का ट्रेडमार्क व मोनोग्राम का उपयोग करने पर कंपनी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया था।