जयपुर. जोधपुर, उदयपुर और भीलवाड़ा के राज्य कर्मचारी अब किसी भी बैंक से अपना वेतन उठा सकेंगे। राज्य सरकार ने इलेक्ट्रोनिक क्लियरिंग सर्विस (ईसीएस) का इन शहरों में भी विस्तार किया है। इस संबंध में वित्त विभाग ने बुधवार को परिपत्र जारी कर इन जिलों के कोषाधिकारियों और आहरण-वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अब कर्मचारियों को वेतन का भुगतान ईसीएस के माध्यम से ही कराएं।
परिपत्र में यह भी कहा गया है कि इस सुविधा को अनिवार्य रूप से लागू नहीं किया जाए बल्कि स्वैच्छिक तौर पर सहमति पत्र लेकर ही लागू किया जाए। अभी तक अधिकतर सरकारी कार्यालयों में आहरण-वितरण अधिकारी कोषागार से बिल पारित करवा कर वेतन बांटते थे, अथवा उन्हें चैक देते थे। अथवा उनका वेतन आसपास ही एसबीबीजे की ब्रांच में वेतन जमा हो जाता था। कर्मचारी उसी ब्रांच से ही वेतन ले सकते थे।