नई दिल्ली. पिछली सर्दियों में अर्जुन टैंकों के परीक्षण में फेल होने के खुलासे के बाद टैंकों के बारे में वस्तुस्थिति जानने के लिए सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर अवाड़ी रवाना हौ गए हैं। वे खुद 'अर्जुन टैंक' पर सवारी करके इस मामले की जाँच करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि सही स्थिति जानने के लिए संगठन ने सेना प्रमुख जनरल कपूर और रक्षा उत्पादन सचिव प्रदीप कुमार को अवाड़ी आमंत्रित किया है, जहाँ अर्जुन टैंक बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनरल कपूर खुद इन टैंकों को चलाकर देख सकते हैं कि परीक्षण में विफलता की बातों को कितना रंग देकर पेश किया गया।
स्थायी समिति ने संसद में हाल ही में पेश अपनी रिपोर्ट में सेना के एक प्रतिनिधि की गवाही के हवाले से खुलासा किया था कि अर्जुन टैंक सर्दियों के परीक्षण में अपनी क्षमता साबित नहीं कर सके।
दूसरी ओर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने दावा किया है कि अर्जुन टैंकों के परीक्षण के दौरान जो छोटी-मोटी खामियाँ सामने आई थीं उन्हें दूर कर लिया गया है। संगठन के सूत्रों ने कहा कि परीक्षण के दौरान पाई गई इन खामियों को बहुत बढ़ा चढ़ाकर पेश किया गया है।