इस्लामाबाद. भारतीय कैदी सरबजीत सिंह समेत पाकिस्तान में मौत की सजा झेल रहे कैदियों को राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि पाक सरकार मृत्युदंड को उम्र कैद में बदलने के प्रस्ताव पर सक्रियता से विचार कर रही है।
डॉन अखबार में एक सूत्र के हवाले से खबर में कहा गया है कि आंतरिक मंत्रालय द्वारा एक मसौदा तैयार कर लिया गया है और इस पर कुछ ही दिनों में फैसला लिया जा सकता है। सूत्र ने कहा है कि यह प्रस्ताव अगर पास हो जाता है तो सरबजीत सिंह के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।
पाकिस्तान में बम धमाके करने के आरोप में फांसी का फरमान झेल रहे सरबजीत को राहत देने के लिए भारत की अपील पर भी विचार किया जा रहा है। सरबजीत से मिलने पाकिस्तान पहुंचे उसके परिवार ने भी पाक राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के नाम एक ताजा अपील दाखिल की है जो फिलहाल पाक सरकार के पास है।
पाक के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद सादिक भी गुरुवार को कह चुके हैं कि सरबजीत को राहत देने की भारत की अपील पर ध्यान दिया जा रहा है और इस पर जल्द ही फैसला लिया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि मृत्युदंड को उम्र कैद में बदलने के लिए कुछ मापदंड तय किए जा रहे हैं।