मोहाली.
मोहाली स्टेडियम में शुक्रवार रात जो कुछ हुआ, वह भारतीय क्रिकेट को शर्मसार करने वाला था। पंजाब किंग्ज इलेवन से हारने के बाद झल्लाए मुंबई इंडियंस के कप्तान हरभजन सिंह ने मैच खत्म होने के बाद किंग्ज इलेवन के गेंदबाज और टीम इंडिया के साथी खिलाड़ी श्रीसंथ को थप्पड़ जड़ दिया।
हरभजन की इस हरकत के बाद श्रीसंथ फूट-फूट कर रो पड़े। किंग्ज इलेवन के कप्तान युवराज सिंह तुरंत हरभजन सिंह को उनके ड्रेसिंग रूम की तरफ ले गए। इसके बाद युवराज ने श्रीसंथ को दिलासा दिया। हरभजन की हरकत से सन्न रह गए पीसीए अध्यक्ष आई.एस बिंद्रा ने भी भज्जी को समझाया और किंग्ज इलेवन के ड्रेसिंग रूम में जाकर श्रीसंथ से सॉरी फील करने को कहा।
इसके बाद हरभजन सिंह ने श्रीसंथ से माफी मांग ली। जब हरभजन से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सिर्फ क्रिकेट के बारे में पूछिए। पीसीए अध्यक्ष आईएस बिंद्रा ने कहा कि मैदान में गर्मागर्मी हो ही जाती है। किंग्स इलेवन ने कहा है कि वे आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी से हरभजन सिंह की शिकायत करके कार्रवाई की मांग करेंगे। पंजाब किंग्ज इलेवन ने तीन मैचों में पहली बार जीत दर्ज की जबकि मुंबई इंडियंस की यह तीसरी हार रही।।