मुंबई. आईपीएल की किंग्स 11 पंजाब की तरफ से गेंदबाज श्रीसंथ को मुंबई इंडियंस के कप्तान हरभजन सिंह द्वारा कथित रूप से थप्पड़ मारे जाने के मामले में बीसीसीआई ने हरभजन को फटकार लगाते हुए नोटिस जारी कर दिया है।
बीसीसीआई ने आचार संहिता के उल्लंघन के बारे में हरभजन से स्पष्टीकरण चाहा है। बीसीसीआई ने भज्जी से नोटिस का जवाब सोमवार तक देने के लिए कहा है। बोर्ड ने विवादों में घिरे रहने वाले भज्जी के इस व्यवहार की कड़ी आलोचना की है।
आईपीएल के सर्वेसर्वा ललित मोदी पहले ही इसे गलत और अनहोनी करार देते हुए कह चुके हैं कि ऐसा क्रिकेट में नहीं होना चाहिए और अब रत्नाकर शेट्टी का बयान आया है और उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि शारीरिक हमले बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।
बोर्ड के सचिव निरंजन शाह ने कहा है कि हम हरभजन को नोटिस जारी कर रहे हैं और उनके स्पष्टीकरण के बाद तय किया जाएगा कि क्या कार्रवाई की जाना है।
कहा जा रहा है कि भज्जी इस मामले में सफाई देने के लिए शनिवार शाम तक मुंबई पहुंच सकते हैं।
संबंधित खबरें
* श्रीसंथ ने कहा 'जाने भी दो यारों'
* हरभजन सिंह ने श्रीसंथ को थप्पड़ मारा!