मोहाली.
आईपीएल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट में लगातार तीसरी पराजय की झुंझलाहट के चलते पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ को थप्पड़ मारना मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह को काफी महंगा पड़ा है। उन्हें आईपीएल टूर्नामेंट से फिलहाल निलंबित कर दिया गया है जबकि सोमवार को इस मामले पर बैठक होना शेष है। बैठक के बाद हो सकता है हरभजन को और कड़ी सजा का सामना करना पड़ जाए। निलंबन के कारण वह रविवार को डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ मैच नहीं खेल पाएंगे।
शुक्रवार को आईपीएल क्रिकेट में लगातार तीसरा मैच हारने के कारण कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह मायूस थे कि किंग्स इलेवन के तेज गेंदबाज एस.श्रीसंथ ने उन्हें ‘हार्ड लक’ कह दिया। फिर क्या था भज्जी ने खेल भावना भूलकर देखते ही देखते श्रीसंथ को थप्पड़ जड़ दिया। थप्पड़ खाकर क्रिकेट के ‘एंग्री यूथ’ श्रीसंथ रो पड़े और मामला तूल पकड़ने लगा।
पीसीए मोहाली में शुक्रवार को हुई इस घटना की सभी निंदा कर रहे हैं तथा बीसीसीआई से अपेक्षा की जा रही है कि क्रिकेट में ‘बैड बॉय’ के नाम से कुख्यात हो रहे भज्जी को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाए।
खेल में किसी टीम के हारने पर दूसरे टीम के खिलाड़ियों द्वारा हार्ड लक कहने की परंपरा है लेकिन गुस्सैल भज्जी खेल भावना भूल गए और अपना गुस्सा श्रीसंथ पर निकाल दिया।
क्या किया था श्रीसंथ ने?
बताया जाता है कि श्रीसंथ ने मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी रॉबिन उथप्पा को मैच के दौरान चिढ़ाया था, जो भज्जी को पसंद नहीं आया। भज्जी यह भूल गए कि उथप्पा व श्रीसंथ बिजनेस पार्टनर हैं तथा बेंगलूरु में वे दोनों एक होटल के मालिक हैं।
पहले भी हुई थी झड़प
भज्जी व श्रीसंथ में इससे पहले भी चैलेंजर सीरीज के दौरान 2004-05 में तथा हाल ही में भारत-द.अफ्रीका टेस्ट सीरीज के दौरान कानपुर टेस्ट में भी झड़प हो चुकी है। दोनों ही उग्र स्वभाव के हैं लेकिन श्रीसंथ योग के सहारे अपनी उत्तेजना पर काबू पा चुके हैं, जबकि भज्जी किसी के नियंत्रण में नहीं है। युवी ने भी नहीं छोड़ा भज्जी को पंजाब के युवराज सिंह व हरभजन सिंह बहुत घनिष्ठ मित्र हैं लेकिन भज्जी की हरकत युवी को भी बुरी लगी। इसलिए उन्होंने बीसीसीआई से उचित कार्रवाई की बात कही।
पहले से ही बदनाम है भज्जी
भज्जी पर गलत व्यवहार के कारण पहले भी कई बार जुर्माना लग चुका है।
1. शारजाह में 22 अप्रैल 1998 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच के दौरान रिकी पोंटिंग को उंगली दिखा कर पैवेलियन जाने का इशारा तो किया ही था साथ ही अपशब्द भी कहे थे। मैच रेफरी तलत अली ने 50 फीसदी मैच फीस और एक वनडे मैच का प्रतिंबध लगाया था। 2. 31जनवरी 2002 को अंपायर के खिलाफ गलत व्यवहार करने के कारण 75 फीसदी मैच फीस का जुर्माना किया गया।
3. 2003 में टीवीएस कप टूर्नामेंट के दौरान अफ्रीका के खिलाफ मैच में अभद्र भाषा का उपयोग करने के कारण धारा 2.9 के तहत कार्रवाई हुई।
4. 2005 में द. अफ्रीका के एश्वेल प्रिंस को पैवेलियन की ओर जाने का इशारा किया, जिससे 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना हुआ।
5. 2008 में ऑस्ट्रेलिया में एंड्र्यू सायमंड्स के खिलाफ बिग मंकी कहने पर आईसीसी ने मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना किया था।
क्या हो सकती है कार्रवाई
- कई मैचों का लग सकता है प्रतिबंध - हो सकता है मैच फीस का जुर्माना - आईपीएल के शेष मैचों पर खेलने से लग सकता है प्रतिबंध
प्रतिक्रियाएं
हरभजन ने कहा : मुंबई रवाना होने से पहले हरभजन ने पत्रकारों से कहा,‘एक परिवार में बहुत कुछ घटता रहता है और अब सब मुद्दे सुलझ गए हैं’। उन्होंने कहा, ‘इस मामले में मैं श्रीसंथ से माफी मांग चुका हूं’।
श्रीसंथ ने कहा : ‘मेरे और हरभजन के बीच अब सब कुछ सामान्य है और विवाद जैसी कोई बात नहीं है।’
सचिन ने साधी चुप्पी : मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान सचिन तेंडुलकर ने इस विवाद पर कुछ कहने से इंकार कर दिया।
हरभजन को थमाया नोटिस
हरभजन-श्रीसंथ विवाद को गंभीरता से लेते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने हरभजन सिंह को नोटिस भेजकर उनसे यह पूछा है कि क्यों न उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। हरभजन सिंह को इस नोटिस का जवाब सोमवार तक देना है। हरभजन बीसीसीआई के अनुबंधित खिलाड़ी हैं और उन पर बोर्ड के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
मैच रेफरी की रिपोर्ट का इंतजार
आईपीएल के चेयरमैन ललित मोदी ने इस मुद्दे पर कहा कि ‘जब तक हमें मैच रेफरी की रिपोर्ट नहीं मिल जाती, हम इस मामले में स्वेच्छा से कुछ नहीं कर सकते’ बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी कहा है ‘बोर्ड को इस विवाद पर किसी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले टीम प्रबंधन की रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।’
भज्जी पर आईसीसी का कोड: बिंद्रा
आईपीएल के प्रशासकीय परिषद के सदस्य आईएस बिंद्रा ने कहा है कि मुंबई इंडियंस टीम के कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह पर आईसीसी का कोड ऑफ कंडक्ट लागू होना चाहिए।
‘श्रीसंथ भी मेरे बेटे समान’
इस बीच जालंधर में हरभजन सिंह की मां अवतार कौर ने एक एजेंसी से कहा ‘मैं ऐसा नहीं सोचती कि इस प्रकार की कोई बात हुई है और इसे बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ा कर कहने की जरूरत नहीं है, हरभजन की तरह श्रीसंथ भी मेरे बेटे जैसा है’।
किंग्स इलेवन ने शिकायत दर्ज कराई
इस बीच, ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह के श्रीसंथ से माफी मांग लेने के बावजूद किंग्स इलेवन पंजाब की टीम ने शनिवार को हरभजन सिंह के खिलाफ बीसीसीआई में औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।