इंदौर. गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा किसी परिवार के साथ हादसा हो तो वोट की खातिर प्रधानमंत्री की आंख में आंसू आ जाते हैं। महंगाई से देश के करोड़ों गरीबों का चूल्हा नहीं जल रहा है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं और प्रधानमंत्री चैन की नींद सो रहे हैं। आखिर उन्हें नींद कैसे आ सकती है।
श्री मोदी प्रदेश में गरीबों को सस्ता अनाज उपलब्ध कराने की मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना का शुभारंभ करने आए थे। गांधी हॉल परिसर में हुई सभा में उन्होंने कहा कांग्रेस का हाथ अब गरीब की गरदन दबा रहा है। लालबहादुर शास्त्री के समय से लेकर चार दशक तक देश को गेहूं आयात करने की जरूरत नहीं पड़ी। क्या कारण है कि यूपीए सरकार को आते ही विदेश से गेहूं खरीदना पड़ा। किसानों को सही कीमत देने को तैयार नहीं मगर ऑस्ट्रेलिया का घटिया गेहूं दोगुना कीमत पर खरीद रहे हैं।
देखें कौन लोग हैं जो विदेशियों के एजेंट बन गए हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री की जमकर तारीफ की और यह तक कहा कि केंद्र की उपलब्धियां भाजपा शासित प्रदेशों की हैं। सांसद सुमित्रा महाजन ने कहा महंगाई के आगे प्रधानमंत्री और वित्तमंत्री हार चुके हैं। इसके पहले श्री मोदी ने कुछ लोगों को गेहूं और चावल की बोरी सौंपकर योजना का विधिवत शुभारंभ किया। मुस्कराता मप्र नामक सीडी का विमोचन भी हुआ। स्वागत भाषण लोनिवि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया। स्वागत प्रदेश मंत्री बाबूसिंह रघुवंशी, महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया, उषा ठाकुर, मनोज पटेल, आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. रीता उपमन्यु, सभापति शंकर लालवानी ने किया। संचालन संजय पटेल ने एवं आभार सत्यनारायण सत्तन ने माना।
एक दाना भी इधर-उधर किया तो जेल में सड़ा दूंगा
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा इस मामले में प्रशासन को बहुत सख्त रहना होगा। सरकारी गेहूं तीन रुपए और बाजार में 13 रुपए किलो दाम होने से गड़बड़ी की आशंका ज्यादा है। किसी ने एक दाना भी इधर-उधर किया तो जेल में सड़ा दूंगा।
गुजरात आइए, बैठकर बात करेंगे
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी के लिए शनिवार काफी संख्या में भाजपा नेता जुटे। तीन बजे श्री मोदी और मुख्यमंत्री साथ में विमानतल से बाहर आए। अपनी चिर परिचित शैली में श्री मोदी ने सभी को नमस्कार किया और जाने लगे। जब पत्रकारों ने श्री मोदी से चर्चा करना चाही तो उन्होंने कहा ‘गुजरात आइए, बैठकर बात करेंगे’। विमानतल पर महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, विधायक उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, गोपीकृष्ण नेमा सहित अन्य ने अगवानी की।
कुशाभाऊ ठाकरे प्रतिमा का अनावरण
शनिवार को शांतिपथ तिराहा पर वरिष्ठ भाजपा नेता कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा का अनावरण गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान, सांसद सुमित्रा महाजन व महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा मौजूद थे। इस दौरान वर्ल्ड गार्डन डे की वेबसाइट का अनावरण भी किया गया।
गए थे अनाज लेने, पानी को तरस गए
अनाज के लालच में कोई सुबह नौ बजे से आ गया था तो कोई तपती दोपहर में पहुंचा। घरों से लाते समय तरह-तरह के प्रलोभन दिए गए लेकिन वहां पानी तक का ठीक से इंतजाम नहीं था। पानी मांगा तो पुलिस के धक्के और मंत्री की झिड़की भी सुनना पड़ी। कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन ने सारी हदें पार कर दीं। राशन की दुकान के सेल्समैनों से लेकर खाद्य और सिविल सप्लाय विभाग के कर्मचारियों को भीड़ जुटाने के टारगेट दिए गए।
देपालपुर, सांवेर, महू के विभिन्न गांवों से लोगों को सुबह नौ बजे से ही इकट्ठा कर लिया गया। भोजन के कार्ड हाथ में थामे लोग भटकते रहे लेकिन ठीक से पानी तक नसीब नहीं हुआ। लोनिवि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अतिथियों के आने से पहले भजन गाकर लोगों का मन बहला रहे थे। जब उन्होंने लोगों से प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम पूछा तो आगे बैठीं महिलाएं बोल पड़ीं प्यास के मारे गला सूख रहा है। आवाज नहीं निकलेगी। अतिथियों के आने के बाद भी जब महिलाएं चुप नहीं हुईर्ं तो श्री विजयवर्गीय का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। माइक थाम कर बोले निकाल बाहर करो इस मोटी को यह बहुत गड़बड़ कर रही है। कार्यक्रम में चुनिंदा लोगों को मुफ्त अनाज दे दिया गया और सैकड़ों लोग टूटी उम्मीद लेकर लौट गए।