इंदौर. हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ में शनिवार को 15 जनहित याचिकाओं से उभरे पांच प्रमुख सवालों पर फुल बेंच बैठी। सुबह साढ़े दस बजे से केस पर शुरू हुई सुनवाई शाम साढ़े चार बजे तक पूरी नहीं हो पाई। अंत में मुख्य न्यायाधीश ने अगली सुनवाई के लिए 24 जून की तारीख तय की।
जनहित याचिकाओं के नियमों को लेकर याचिकाकर्ता सतपाल आनंद द्वारा कुल 15 याचिकाएं दायर की गई थीं। इन्हीं की सुनवाई के लिए फुल बेंच में मुख्य न्यायाधीश ए.के. पटनायक, न्यायाधीश एस.के. कुलश्रेष्ठ व न्यायाधीश ए.एम. सप्रे शामिल थे। शनिवार को हुई सुनवाई में शासन की ओर से पैरवी शासकीय महाधिवक्ता रविनंदनसिंह, वरिष्ठ अभिभाषक बी.एल. पावेचा एवं पीयूष माथुर ने की। श्री आनंद ने केस की पैरवी स्वयं ही की।
दोपहर बाद श्री आनंद ने अपनी ओर से तर्क देते हुए कई मुद्दे न्यायाधीशों के समक्ष रखे। उन्होंने कहा यह आम जनता से जुड़ा मुद्दा है। पूरी दलीलें सुनने के बाद मुख्य न्यायाधीश ने श्री आनंद से लिखित में तर्क देने के लिए भी कहा। अत: मामले की सुनवाई के लिए फुल बेंच की अगली तारीख 24 जून तय की गई।