HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

पिंगुआ ने किया कमिश्नर बनने से इनकार

रायपुर. आईएएस मनोज पिंगुआ ने सरगुजा संभाग का कमिश्नर बनने से इनकार कर दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से मिलकर यह जिम्मेदारी लेने में असमर्थता जताई है। श्री पिंगुआ ने इसकी पुष्टि करते हुए दैनिक भास्कर से कहा कि व्यक्तिगत कारणों से उन्होंने इनकार किया है। इसके पीछे कोई और कारण नहीं हैं। वैसे प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि श्री पिंगुआ सरगुजा में तीन साल से अधिक समय तक कलेक्टर रहे, इस कारण वे वहां दोबारा नहीं जाना चाहते।

श्री पिंगुआ के इनकार के बाद सरगुजा में कमिश्नर की पोस्टिंग अधर में लटक गई है। शेष तीनों संभाग रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में नए कमिश्नरों ने काम शुरू कर दिया है। सरगुजा में कमिश्नर की नियुक्ति नहीं होने के कारण उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने कल मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह से मिलकर कमिश्नर की नियुक्ति जल्द करने का आग्रह किया है। बताते हैं कि मुख्यमंत्री ग्राम सुराज अभियान में व्यस्त हैं इस कारण कमिश्नर के नाम पर विचार नहीं हो पाया है।

मुख्यमंत्री इस मामले में मुख्य सचिव शिवराज सिंह के साथ बात कर नए कमिश्नर का नाम तय करेंगे। वैसे इस बात की भी संभावना बनी हुई है कि श्री पिंगुआ को अस्थायी तौर पर कुछ दिनों के लिए सरगुजा जाने कहा जा सकता है। इधर, श्री पिंगुआ ने संचालक आदिम जाति कल्याण विभाग का चार्ज अवधबिहारी को सौंप दिया है। फिलहाल श्री पिंगुआ राज्य शासन के नए निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: