News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम मई तक पूरा नहीं हो सकेगा। खेल मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज इस मुद्दे पर आकस्मिक बैठक बुलाई। उन्होंने काम की धीमी गति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि 2 मई को स्टेडियम में ही निर्माण समिति की आमसभा बुलाई जाए। वे वहीं एक-एक काम की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में मई तक स्टेडियम पूरा हो जाने की घोषणा की गई थी। अफसरों ने बताया कि अभी भी सभी काम अधूरे हैं। ठेकेदार द्वारा कई जगहों पर स्टेडियम का काम करने की वजह से वह यहां समय नहीं दे पा रहा है। उसने आग्रह किया है कि दिसंबर तक निर्माण अवधि बढ़ा दी जाए। बैठक में हालांकि ठेकेदार के आग्रह पर अवधि दिसंबर तक बढ़ा दी गई, लेकिन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जल्दी से जल्दी काम पूरा करवाएं।
बताया गया कि श्री अग्रवाल ने मंशा जाहिर की कि वे जल्द से जल्द स्टेडियम पर इंटरनेशनल क्रिकेट मैच करवाना चाहते हैं। बैठक में विधायक देवजी पटेल, खेल और वित्त विभाग के अधिकारी शामिल हुए। 2 मई को बुलाई गई बैठक में सांसद रमेश बैस, पीडब्लूडी मिनिस्टर राजेश मूणत, विधायक श्री पटेल के अलावा दर्जनभर सदस्य और अधिकारी शामिल होंगे।