HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

राहुल ने ली आदिवासी बच्चों की क्लास

कांकेर. कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की क्लास में आदिवासी छात्र-छात्राओं ने सवालों की बौछार की। राहुल ने सधे हुए जवाब दिए और सबका मन मोह लिया। एक छात्रा का मासूम सवाल था- हम उपेक्षित क्यों हैं। राहुल ने कहा- आदिवासी कम और धीरे बोलते हैं इसलिए..आप जोर से बोलें, फिर भी सरकार न सुने तो और जोर से बोलें। कांकेर के नरहरदेव स्कूल में शनिवार दोपहर ऐसे ही सवालों से राहुल दो चार हुए। आदिवासी बच्चों की उन्होंने घंटेभर क्लास ली। यहां सैकड़ों आदिवासी बच्चे राहुल को देखने और सुनने आए थे। कुछ स्थानीय थे तो कुछ आसपास के इलाकों के। राहुल मंच छोड़कर बच्चों के बीच जाकर बैठ गए। तभी एनएसयूआई के पप्पू बघेल नामक एक पदाधिकारी के कारण व्यवधान उत्पन्न हो गया।

राहुल के आदेश पर उस पदाधिकारी को सुरक्षा कर्मी बाहर ले गए। क्लास शुरू हो चुकी थी। सुनीता नामक छात्रा ने राहुल से पूछा कि आप सलवा जुड़ूम के बारे में क्या सोचते हैं, इसे बंद करना चाहिए या फिर चलते रहने देना चाहिए? राहुल कुछ देर चुप रहे फिर छात्रों से कहा कि आप लोग क्या कहते हैं? कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने हाथ उठाकर जवाब देने कहा। सलवा जुड़ूम बंद करने के पक्ष में हाथ उठाने वालों की संख्या ज्यादा थी।

दूसरी छात्रा ने सवाल किया कि आदिवासी उपेक्षित क्यों हैं, लोग हम छत्तीसगढ़ी आदिवासियों को हीनभावना से क्यों देखते हैं? श्री गांधी कुछ हैरान हुए फिर बोले - आप लोग छत्तीसगढ़िया नहीं, हिन्दुस्तानी हैं। कोई भी पूछे तो उसे यहीं बताएं। मैंने देश के कई राज्यों में आदिवासी क्षेत्रों का दौरा किया। आदिवासी बहुत सीधे हैं, वे कम और धीरे बोलते हैं। ऐसे में काम नहीं चलेगा, जोर से बोलना होगा, फिर भी कोई न सुने तो और जोर से बोलें। एक छात्र ने राहुल को साल भर आदिवासियों के बीच रहने की सलाह दे डाली।

उस छात्र का कहना था कि 15 -20 मिनट के लिए आए हैं, ज्यादा दिनों के लिए आएंगे तो आदिवासियों की समस्याएं अच्छी तरह देख पाएंगे। सवाल सुनकर श्री गांधी मुस्कुरा पड़े और कहा कि देश में 600 जिले हैं। हर जिले में एक -एक साल रुकना पड़ा तो मुझे 600 साल जीना होगा। जवाब सुनकर मौजूद छात्र - छात्राएं हंस पड़े। छात्रों ने कांग्रेस संगठन में अपनी कम भागीदारी को लेकर सवाल उठाए तो राहुल ने प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी को वहीं आदेश दे डाला कि संगठन की तमाम इकाइयों में आदिवासियों को 7 फीसदी भागीदारी दें। भानुप्रतापपुर की शीतल कुलदीप ने महिला आरक्षण को लेकर सवाल उठाए। राहुल ने कहा - छत्तीसगढ़ की जनता बहुत भोली-भाली है, महिलाओं को पहल करनी चाहिए।आरक्षण नहीं मिल रहा है तो आवाज बुलंद करना चाहिए, तभी यह काम संभव होगा।

मोबाइल बोल पड़ा

क्लास में राहुल गांधी का ही मोबाइल बजने लगा। उन्होंने पूछा किसका मोबाइल बोल रहा है? फिर जेब से मोबाइल फोन निकालकर कहा मेरा ही मोबाइल बोल रहा है। उसे बंद किया और जेब से दूसरा मोबाइल निकाला। उसे भी बंद करते हुए कहा, अब ठीक है, नहीं तो ये भी बोलने लगता है।

शिक्षा में छत्तीसगढ़ पिछड़ा राज्य सरकार दोषी

एक स्कूली छात्रा ने शिक्षा के स्तर को लेकर सवाल उठाया। राहुल ने जवाब में कहा कि छत्तीसगढ़ शिक्षा के मामले में काफी पिछड़ा है। उन्होंने इसके लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि केंद्र से पैसा भेजा जाता है, जो गांव तक नहीं पहुंचता, रास्ते में ही गायब हो जाता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: