HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

मिट्टी हटाने व्यापारियों ने किया चक्काजाम

बिलासपुर. टेलीफोन एक्सचेंज रोड में नाली निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी सड़क से नहीं हटाने के विरोध में व्यापारियों ने करीब आधा घंटा चक्काजाम किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारी शांत हुए और जाम समाप्त किया।

अग्रसेन चौक से बस स्टैंड तक नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे खुदाई की गई है। खुदाई से निकली मिट्टी को सड़क पर ही रख दिया गया था। यह निर्माण कार्य पिछले महीनेभर से चल रहा है। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सुबह से लेकर रात तक जाम की स्थिति बनती थी। व्यवसाय प्रभावित होने के कारण व्यापारी भी खासे नाराज थे। कल रात से मिट्टी हटाने के लिए एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया। रास्ता बंद होने के कारण अग्रसेन चौक की ओर से बस स्टैंड जाने वाले और बस स्टैंड से अग्रसेन चौक जाने वाले वाहन एक ही रास्ते से गुजरने लगे।

सुबह बस, जीप व अन्य गाड़ियों के निकलने से जाम की स्थिति बन गई। इससे परेशान होकर व्यापारियों ने सुबह 11.30 बजे चक्काजाम कर दिया। उन्होंने निर्माण कार्य के लिए रखे गए बोल्डर सड़क पर डाल दिए थे। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। संकरी सड़क होने के कारण किसी को वापस जाते नहीं बन पा रहा था। सूचना मिलने पर एसडीएम संजय अग्रवाल व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण धर्मेद्र गर्ग बल समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बातचीत शुरू की। व्यापारी निर्माण कार्य की धीमी गति का विरोध जता रहे थे। सड़क जाम और धूल-मिट्टी के कारण दुकान में ग्राहक नहीं आते।

उनकी समस्या सुनकर एसडीएम श्री अग्रवाल ने नाली बना रहे निगम के ठेकेदार को तलब किया और उसकी लंबी क्लास ली। ठेकेदार ने निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने और मिट्टी हटाने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारी शांत हुए। चक्काजाम करीब आधा घंटे तक चला। इसके बाद मिट्टी हटाने का काम तेज किया गया और शाम तक मिट्टी हटा ली गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: