News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur कांकेर.
भारत खोज अभियान पर निकले कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने खुद को युवराज कहे जाने पर एतराज जताते हुए कहा कि ऐसा संबोधित करना उन्हें अपमानजनक लगता है। डेमोक्रेसी में सब बराबर है। राहुल ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।
कांकेर के नरहेरदेव स्कूल में शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने यहां तक कह दिया कि छत्तीसगढ़ के आदिवासियों की गरीबी उड़ीसा के आदिवासियों जैसी ही है। रोजगार गांरटी योजना और इंदिरा आवास योजना तक का लाभ इन्हें नहीं मिल रहा है। राहुल ने आदिवासियों के विस्थापन की भी खिलाफत की। उन्होंने कहा कि औद्योगिकरण होना चाहिए पर आदिवासियों के साथ भी न्याय होना चाहिए। उनकी बातें अनसुनी नहीं करना चाहिए।
श्री गांधी ने कहा कि भारत की छबि दो तरह से बनी है। एक विकसित एरिया यानी शहर और दूसरा दूरस्थ पिछड़ा एरिया यानी आदिवासी क्षेत्र। हमारा शहरी सिस्टम दूरस्थ गांवों तक नहीं पहुंच रहा है। गरीबों के लिए केंद्र की योजनाओं का लाभ सही गरीबों को नहीं मिल रहा है। आदिवासियों का जीवन स्तर नहीं सुधर रहा है। गरीबों की आवाज दब कर रह गई है।
सलवा जुडूम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान
सलवा जुडूम के मामले में श्री गांधी बोलने से बचते रहे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि सलवा जुडूम पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ चुका है। वे इसका सम्मान करते हैं। इस मामले में लोगों की दो राय हो सकती है। नक्सलवाद के बारे में उन्होंने कहा कि यह कुछ लोगों के आवाज उठाने का तरीका हो सकता है।
डा. मनमोहन सिंह मेरे लीडर
खुद को प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट किए जाने की मांगों पर श्री गांधी ने कहा कि यह किसी की निजी राय हो सकती है। डा. मनमोहन सिंह मेरे लीडर हैं। मेरा समर्थन प्रधानमंत्री डा, मनमोहन सिंह को है।
चुनाव में अच्छा परिणाम आएगा
राहुल गांधी ने दावा किया कि 6 माह बाद होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव में अच्छे परिणाम आएगा। उन्होंने कहा कि मेरा काम सबको सुनना है और चुनाव का काम पार्टी देखेगी। राजनीति में तनाव की स्थिति भी बनती है। विश्वास है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अच्छा काम करेगी।
गुटबाजी पर सामी को आगे किया
राहुल गांधी से प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर सवाल हुए तो उन्होंने पास बैठे केंद्रीय राज्य मंत्री व प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी को आगे कर दिया। श्री सामी ने कहा कि भाजपा शासन में कांग्रेस तीन उपचुनाव हारी है तो तीन जीती भी है। माहौल कांग्रेस के पक्ष में है। एक माह के भीतर प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। यहां पूरानी कार्यकारिणी काम कर रही है।