News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. कालेजों के अतिथि शिक्षकों (गेस्ट फैकल्टी) ने शासन की उपेक्षा से दु:खी होकर आंदोलन शुरू कर दिया है। शनिवार को उन्होंने रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर झाड़ू लगाकर विरोध जताया। रविवार को रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को आंदोलन के पहले दिन मेला रोड स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय पर धरना देने के बाद शनिवार की सुबह अतिथि शिक्षक हाथों में झाड़ू लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म क्रमांक एक पर उन्होंने झाड़ू लगाना शुरू कर दिया। अतिथि शिक्षकों ने सीने पर पोस्टर भी लटका लिए थे जिन पर मांगें लिखी थीं। शिक्षकों को झाडू लगाते हुए देख यात्री आश्चर्य में पड़ गए।
जिज्ञासावश कुछ यात्रियों ने उनसे कारण पूछा। अतिथि शिक्षकों का कहना था कि उन्हें पीरियड के हिसाब से भुगतान किया जाता है। कालेज प्रशासन की इच्छानुसार ही उन्हें पीरियड दिए जाते हैं। उनकी मांग है कि या तो उन्हें नियमित किया जाए अथवा दो या तीन साल के लिए निश्चित वेतन पर सेवा में लिया जाए। आंदोलन में शामिल होने वालों में सुरजीत भदौरिया, गजेन्द्र भदौरिया, दिनेश सिंह, अवधेश सिंह, वीरेन्द्र मटसैनियां, सुरेन्द्र विमल आदि शामिल थे।