News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. साडा में धरातल से विकास कार्यो की शुरूआत हो गई है। आज इस कार्यक्रम के बाद यहां जल्द ही ऐसे ही और अवसर भी उपस्थित होंगे। यह बात साडा के अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने शनिवार को डिवाइन इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए आयोजित भूमिपूजन समारोह में कही। इस मौके पर संस्था के चांसलर प्रो. वीपी सिंह, सचिव राकेश बत्रा सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
100 करोड़ का प्रोजेक्ट
प्रो. बीपी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि डिवाइन इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्थापित की जा रही डीम्ड यूनिवर्सिटी का पूरा प्रोजेक्ट 100 करोड़ रुपए का है। इसमें 10 करोड़ की लागत से डिवाइन इंटरनेशल विद्यालय( नर्सरी से कक्षा बारह तक) स्थापित किया जायेगा, जो केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा केंद्र नई दिल्ली से संबद्ध होगा। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का का काम पांच वर्ष में पूरा होगा पर योजना संभवत: 2009 -10 तक आकार लेने लगेगी। इसमें इंजीनियरिंग, प्रबंधन, एमसीए, होटल प्रबंधन, कम्प्यूटर साइंस, बायो तकनीकी, सूचना तकनीकी सहित विभिन्न विषयों की शिक्षा दी जायेगी। विश्वविद्यालय में प्रवेश मैरिट के आधार पर दिया जायेगा। परिसर में 1200 छात्रों के लिए छात्रावास और कर्मचारियों के आवास की व्यवस्था भी रहेगी।
शिक्षा परिसर का उद्घाटन अगले माह सीएम करेंगे
साडा के अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह ने बाद में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि साडा में विकसित किये जा रहे शिक्षा परिसर का उद्घाटन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मई माह में करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी तारीख जल्द ही तय की जायेगी। साडा अध्यक्ष के रूप में एक वर्ष पूरा करने पर श्री कुशवाह ने साडा की तमाम महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनकी समयबद्ध प्रगति से अवगत कराया उन्होंने कहा कि अब तक जो भी कार्य हाथ में लिया है, उसमें तय समय में प्रगति हुई है और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।