बीकानेर. बीकानेर मंडल में रेलवे कर्मचारियों की सुविधा के लिए रेलवे क्वार्टरों का अपग्रेडेशन होगा। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने स्वीकृति जारी कर दी है। बीकानेर मंडल के हिसार, भिवानी, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर खंडों में 200 मकानों को इस सूची में शामिल किया गया है। इसके अलावा बीकानेर की दोनों रेलवे कॉलोनियों में पाइपलाइन और ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए भी राशि स्वीकृति की गई है।
मंडल के सभी प्रमुख खंडों पर रेलवे कॉलोनियां बनी हुई है। आमतौर पर इन कॉलोनियों के विकास के लिए रेलवे समय-समय पर बजट देती रहती है मगर इस बार 200 मकानों के लिए यह राशि दी गई है। बीकानेर और लालगढ़ स्थित रेलवे कॉलोनियों में बने मकानों की स्थिति ठीक होने के कारण इस बार पाइपलाइन और ड्रेनेज सिस्टम को ठीक करने का कार्य प्राथमिकता में शामिल किया गया है।
लालगढ़ रेलवे कॉलोनी में पहले जहां कई क्वार्टरों की हालत खराब थी वहीं अब स्थिति ठीक है। इन दोनों कॉलोनियों में पाइपलाइन काफी पुरानी होने के कारण कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यही हालत ड्रेनेज सिस्टम का है। ड्रेनेज सिस्टम खराब होने से कॉलोनियों में जगह-जगह गंदा पानी एकत्रित हो जाता है।
>> 200 मकानों के अपग्रेडेशन का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस सूची में ऐसे क्वार्टरों को शामिल किया गया है जिनके अपग्रेडेशन की सबसे अधिक जरूरत है। इससे रेलवे कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।
पंकज जैन, डीआरएम, बीकानेर मंडल