बीकानेर.
सूर्योदय के साथ ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है। दिन चढ़ने के साथ-साथ बढ़ता तापमापी का पारा शहरवासियों को व्याकुल कर रहा है। दो दिन से तापमान भले ही 42 के आसपास टिका हो लेकिन गर्म हवाओं के थपेड़ों ने शहरवासियों को बेहाल कर दिया है।
बढ़ते पारे के साथ लोगों की कार्यक्षमता घटने लगी है। दोपहर के समय तो शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा है। शनिवार को सुबह आठ बजे से ही गर्मी अपनी पूरी रंगत पर थी। धूप की तल्खी ने सुबह के समय चल रही दक्षिणी-पूर्वी हवाओं को भी गर्म कर दिया।
स्थिति यह होने लगी है कि गर्म हवाएं अब शूल-सी चुभने लगी है। गर्मी का आलम यह है कि पंखों से भी लोगों को सुकून नहीं मिल रहा। दोपहर के समय बाजार सूने हो रहे हैं तो ऑफिस टाइम में भी कर्मचारी सुस्ताते नजर आने लगे हैं।
शहरवासी जरूरी काम भी अब सुबह और शाम के समय करने लगे हैं। दिनभर गर्म हवाओं से झुलसते शहरवासियों को अब रात में भी आराम नहीं मिल रहा। रात का तापमान भी दिनोंदिन नई ऊंचाइयां छू रहा है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को न्यूनतम तापमान में दशमलव पांच डिसे की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई।