जोधपुर. संभाग में शनिवार को बाड़मेर सबसे अधिक गर्म रहा। बढ़ती गर्मी ने लोगों का चैन व सुकून छीन लिया है। प्रचंड गर्मी ने चैत्र की समाप्ति के पूर्व ही जेठ का एहसास करवा दिया है।
हवा में आद्र्रता जोधपुर शहर में अधिकतम 35 और न्यूनतम 9 फीसदी रही। यही पाली शहर में अधिकतम 18 और न्यूनतम 7 फीसदी होने से लू के साथ पसीने वाली गर्मी का एहसास होने लगा है। लगातार पंखे व कूलर चलने के बावजूद भी गर्मी का एहसास कम नहीं हो रहा। लू चलने के कारण तापघात और चर्म रोगियों की तादाद भी अस्पतालों में बढ़ने लगी है।
गर्मी को देखते हुए चिकित्सकों ने सावधानी बरतने को कहा है। नींबू-पानी, शीतल पेय और परंपरागत दही, छाछ का अधिकाधिक उपयोग करने की सलाह दी गई है। घर से बाहर निकलें तो छाता लेकर व मुंह पर तोलिया ढककर निकलें। घरों के आस-पास पानी का जमावड़ा न होने दें, ताकि मच्छर न फैले। पानी अधिक पिएं।